वेज की जगह चिकन बिरयानी परोसने पर ग्राहक ने रांची के रेस्टोरेंट मालिक को गोली मारकर हत्या कर दी

Written by sabrang india | Published on: October 20, 2025
अज्ञात ग्राहक ने घर ले जाने के लिए वेज बिरयानी ऑर्डर की थी। घर पहुंचने पर जब उसे पता चला कि उसे चिकन बिरयानी दी गई है, तो वह रेस्टोरेंट वापस लौटा और कथित तौर पर मालिक को गोली मार दी।



रांची में एक रेस्टोरेंट मालिक की कथित तौर पर एक ग्राहक द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि ग्राहक ने वेजिटेरियन बिरयानी का ऑर्डर दिया था, लेकिन गलती से उसे नॉन-वेजिटेरियन बिरयानी परोस दी गई।

पुलिस के अनुसार, यह घटना शनिवार रात हुई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि अज्ञात ग्राहक ने वेजिटेरियन बिरयानी ऑर्डर की थी और पार्सल लेकर घर चला गया। बाद में उसे पता चला कि उसे चिकन बिरयानी दी गई है। इसके बाद उसने रेस्टोरेंट के मालिक, 50 वर्षीय विजय नाग को फोन किया, और दोनों के बीच तीखी बहस हुई।

इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, फोन पर हुई बातचीत के बाद मामला और बिगड़ गया। रात करीब 11:30 बजे, जब विजय नाग अपने रेस्टोरेंट में खाना खा रहे थे, तभी नाराज़ ग्राहक अपने तीन साथियों के साथ कार में वहां वापस आया।

सूत्रों के अनुसार, दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई, फिर कहासुनी बढ़ी और मामला हाथापाई तक पहुंच गया।

एक अधिकारी ने बताया, “झगड़े के बीच ग्राहक ने बंदूक निकाली और विजय के सीने में गोली मार दी, इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।”

गोली चलने की आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे तो उन्होंने विजय को ज़मीन पर पड़ा पाया। हमलावर कथित तौर पर अपनी कार में बैठकर तुरंत वहां से भाग गए।

विजय को तुरंत रांची के राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इसके बाद कांके थाने की पुलिस टीम और वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने हमलावरों का पता लगाने के लिए इलाके में नाकेबंदी की और तलाशी अभियान शुरू किया।

कांके विधायक और कांग्रेस नेता सुरेश कुमार बैठा ने मीडिया से कहा, “रात में चार लोग आए और उन्होंने शाकाहारी खाना ऑर्डर किया, लेकिन बाद में उसमें चिकन की हड्डियां मिलीं, जिससे विवाद बढ़ गया। अचानक, ग्राहक ने अपनी बंदूक निकाली और विजय पर गोली चला दी।”

बैठा ने आगे कहा कि मामला केवल बिरयानी विवाद तक सीमित नहीं हो सकता है। उन्होंने दावा किया कि इसमें संपत्ति विवाद भी शामिल हो सकता है, क्योंकि कथित तौर पर कुछ लोगों की नज़र विजय की संपत्ति पर थी।

परिवार के सदस्यों ने विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस से 24 घंटे के भीतर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे शहर में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन करेंगे। इस बीच, पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वे हमलावरों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं और जल्द गिरफ्तारी की संभावना जताई है।

Related

MP में दलित परिवार पर दोबारा हमला: अंजना परिवार हत्याकांड के सदस्य विष्णु पर जानलेवा हमला!

MP: अवैध खनन का विरोध करने पर दलित युवक की बर्बर पिटाई

बाकी ख़बरें