मुंबई: आरे कॉलोनी में पेड़ कटाई का विरोध करने पहुंचे प्रकाश आंबेडकर को पुलिस ने हिरासत में लिया

Written by Sabrangindia Staff | Published on: October 6, 2019
मुंबई के पवई पुलिस स्टेशन पर बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के पोते और भारिप बहुजन महासंघ के अध्यक्ष प्रकाश आंबेडकर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। जानकारी के मुताबिक प्रकाश आंबेडकर आरे कॉलोनी में प्रवेश कर रहे थे। हजारों कार्यकर्ताओं का अब भी पुलिस स्टेशन के बाहर आंदोलन जारी है। वहीं आंबेडकर ने लोगों से शांति-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।



बॉम्बे हाईकोर्ट का फैसला आने के कुछ ही घंटों बाद शुरू हुई पेड़ों की कटाई से लोगों में गुस्सा है। इसी कड़ी में आंबेडकर रविवार को आरे कॉलोनी पहुंचे। उन्होंने कहा कि वीबीए (वंचित बहुजन अघाड़ी) हमेशा से ही आरे में पेड़ों की कटाई के विरोध में थी।



उन्होंने बताया कि वह विरोध करने और सरकार से कुछ सवाल पूछने आरे गए थे। आंबेडकर ने साफ किया कि उन्हें हिरासत में लिया गया है, न कि गिरफ्तार किया गया है।



प्रकाश आंबेडकर ने ट्वीट कर जानकारी दी कि उन्हें पवई पुलिस स्टेशन में रखा गया है। वीबीए अध्यक्ष ने अफवाहों पर भरोसा न करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कहा है।



बता दें कि  इससे पहले शनिवार को आरे पहुंचीं शिवसेना प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी को भी हिरासत में ले लिया गया था। भारतीय जनता पार्टी की राज्य सरकार को इस मुद्दे पर विपक्षी दलों के साथ-साथ सहयोगी शिवसेना का गुस्सा भी झेलना पड़ा है।

बाकी ख़बरें