छठ के मौके पर हिंदू-मुस्लिम एकता: छठ घाटों की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं में योगदान दिया, व्रत भी रखा

Written by sabrang india | Published on: November 18, 2026
युवकों ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ छठ घाटों की साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं में अपना योगदान दिया। साथ ही, छठ व्रतियों को पूजा के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए भी विशेष तत्परता दिखाई।


फोटो साभार : नवभारत/ सोशल मीडिया

लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर नावानगर प्रखंड क्षेत्र में आपसी सौहार्द, प्रेम, भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत मिसाल देखने को मिली। विभिन्न छठ पूजा समितियों, जिनमें श्री छठ पूजा समिति, पड़ाव पोखरा, ठाकुरबाड़ी पोखरा एवं मरही समिति शामिल हैं, के आयोजन में मुस्लिम समुदाय के युवकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। उनकी सहभागिता ने सामाजिक सद्भाव और सांप्रदायिक एकता के संदेश को और मजबूत किया।

दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार, युवकों ने छठ घाटों की साफ-सफाई की, छठ व्रतियों की सेवा की और कौमी एकता की मिसाल कायम की।

इस दौरान मुस्लिम समुदाय के युवक शोले सबनम, मेराज अंसारी, क्यामुद्दीन अंसारी, पाले खान, अनवर अली, सोनू अंसारी, रौशन अली, शमीम अंसारी, अशफाक अहमद, बिक्की सहित अन्य युवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

युवकों ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ छठ घाटों की साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं में अपना योगदान दिया। साथ ही, छठ व्रतियों को पूजा के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए भी विशेष तत्परता दिखाई।

युवकों ने कहा कि छठ महापर्व आस्था के साथ-साथ सभी धर्मों के प्रति सम्मान, आपसी सहयोग, प्रेम और भाईचारे का संदेश देता है। ऐसे पर्व सामाजिक एकता और सौहार्द को मजबूत करने का अवसर भी प्रदान करते हैं।

व्रतियों की सेवा और सहयोग करने से युवकों को आत्मिक सुख एवं शांति की अनुभूति होती है। उनके अनुसार, छठ महापर्व केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामाजिक एकता, सद्भाव और आपसी सहयोग का भी प्रतीक है।

इस पर्व की खासियत है कि विभिन्न धर्मों के लोग एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए मिल-जुलकर आयोजन में हिस्सा लेते हैं और एक-दूसरे की खुशियों में सहभागी बनते हैं।

प्रभात खबर की रिपोर्ट के अनुसार, बिहार के मधुबनी प्रखंड के धनहा थाना क्षेत्र में लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न गांवों में स्थित छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्रतियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्थानीय पुलिस प्रशासन एवं छठ पूजा समितियों की ओर से घाटों पर रोशनी सहित कई आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। वहीं, कई स्थानों पर छठ व्रतियों के बीच फल एवं अन्य पूजन सामग्री का वितरण कर सहयोग और सेवा भाव का परिचय दिया गया।

मुस्लिम महिलाओं-पुरुषों ने छठ व्रत रखा

धनहा क्षेत्र में छठ महापर्व के दौरान हिंदू-मुस्लिम एकता और धार्मिक सद्भाव की अनूठी मिसाल देखने को मिली। क्षेत्र की कई मुस्लिम महिलाओं एवं पुरुषों ने हिंदू परंपरा के अनुसार छठ व्रत रखकर सूर्यदेव की आराधना की। दहवा निवासी मुनीर अंसारी, सबरुन नेशा और हैदर अली सहित बरवा की रोशनी देवी ने भी श्रद्धा के साथ छठ व्रत किया।

मुनीर अंसारी ने बताया कि उनके पुत्र के दुर्घटना में घायल होने के बाद उन्होंने उसके स्वस्थ होने की कामना करते हुए छठ व्रत की मन्नत मांगी थी। पुत्र के स्वस्थ होकर घर लौटने पर उन्होंने छठ व्रतियों के बीच फल वितरण करने का संकल्प लिया था। महापर्व के अवसर पर उन्होंने अपना संकल्प पूरा करते हुए श्रद्धालुओं के बीच फल वितरित किए और सेवा व आस्था के माध्यम से सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया।

Related

बंगाल: छठ पर मांस की दुकानें बंद रखने का आदेश, कांग्रेस ने कहा- BJP को खुश करने की कोशिश  

नेपाल: मधेश में छठ महापर्व के दौरान दलित श्रद्धालुओं को जातिगत भेदभाव का सामना करना पड़ता है

बाकी ख़बरें