
उन्हें दो बार जेल जाना पड़ा। पहली बार तब, जब उन्होंने 2017 में गोरखपुर के एक अस्पताल में नवजात शिशुओं समेत कई मरीजों की जान बचाने के लिए ऑक्सीजन सिलेंडरों की व्यवस्था करने में मदद की थी। दूसरी बार तब, जब एक भारतीय मुसलमान के तौर पर उन्होंने विवादास्पद नागरिकता संशोधन कानून (CAA), 2019 और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (NRC), 2020 के खिलाफ अपनी आवाज़ उठाई। दोनों ही बार, चाहे वह गोरखपुर जेल हो या मथुरा जेल, उनके साथ बेहद बुरा बर्ताव किया गया और हिरासत के दौरान उन्हें गंभीर हिंसा का सामना करना पड़ा।
तीस्ता सीतलवाड़ के साथ एक बेहद निजी बातचीत में डॉ. खान एक बार फिर उन अपमानों और तकलीफों का जिक्र करते हैं, जिन्हें उनके परिवार को भी झेलना पड़ा। वह अपनी मां के साहस और पत्नी के अटूट समर्थन के बारे में बताते हैं। साथ ही, चिकित्सा और अध्यापन के प्रति अपनी निरंतर प्रतिबद्धता भी दोहराते हैं। वह उन बच्चों और परिवारों को याद करते हैं, जिन्हें वे आज तक नहीं भुला पाए हैं। इसके अलावा, जनमानस की सोच और धारणाएं बनाने में मुख्यधारा के मीडिया की भूमिका पर बात करते हैं और उन तमाम लोगों का जिक्र करते हैं, जो आज भी न्याय और जमानत का इंतजार कर रहे हैं।
उनकी दोनों किताबें—हाल ही में प्रकाशित द हिस्ट्री शीटर और द गोरखपुर हॉस्पिटल ट्रेजेडी: अ डॉक्टर्स मेमॉयर ऑफ अ डेडली मेडिकल क्राइसिस—इस बात की गवाही देती हैं कि डॉ. खान का हौसला आज भी बुलंद है और वे अपनी बात बेहद प्रभावशाली ढंग से रखने में सक्षम हैं। उनकी पहली किताब के कुछ प्रसंगों का इस्तेमाल शाहरुख खान की फिल्म जवान में भी किया गया था, हालांकि फिल्म में इसका कोई श्रेय नहीं दिया गया!
मन में कड़वाहट को जगह दिए बिना उम्मीद का दामन थामे रखना कैसे मुमकिन है? डॉ. खान हमें यही सिखाते हैं। यह बातचीत उनके साहस, गहरी मानवीय संवेदना और अटूट दृढ़ता को सामने लाती है।