पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की तबियत बिगड़ी, ए्म्स में भर्ती

Written by sabrang india | Published on: May 11, 2020
नई दिल्ली। तबियत बिगड़ने के बाद पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बनी हुई है और चिकित्सीय जांच की जा रही है। एम्स के सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। 


 
डॉ. मनमोहन सिंह को बेचैनी महसूस होने के बाद रविवार रात एम्स में भर्ती कराया गया था। 87 वर्षीय सिंह को एम्स के कार्डियो-थोरैसिस (हृदय और सीने से संबंधित) वार्ड में निगरानी में रखा गया है। 

एम्स सूत्रों के मुताबिक, ‘‘एक नयी दवा लेने के बाद रिएक्शन (फैब्राइल रिएक्शन) होने के कारण उन्हें भर्ती कराया गया था ताकि वह चिकित्सकों की निगरानी में रह सकें और उनकी जांच हो सके। बुखार के अन्य कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है और उनकी जरूरी देखभाल की जा रही है।’’ 

सूत्रों के मुताबिक पूर्व प्रधानमंत्री की हालत स्थिर है और वह एम्स के कार्डियो-थोरैसिस सेंटर के चिकित्सकों की एक टीम की निगरानी में हैं। गौरतलब है कि सीने में दर्द की शिकायत के बाद पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को रविवार रात एम्स में भर्ती कराया गया है। एम्स में मनमोहन सिंह को कार्डियो थोरासिक वॉर्ड में रखा गया है। डॉक्टर उनकी हालत पर निगरानी रखे हुए हैं। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के अस्वस्थ होने की खबर के बाद पार्टी के बड़े नेताओं ने उनके स्वस्थ होने की कामना की है।

बाकी ख़बरें