BJP की रैली में दिखा अखलाक की हत्यारोपी, पहली कतार में बैठकर लगा रहा था ‘योगी-योगी’ के नारे

Written by Sabrangindia Staff | Published on: April 1, 2019
उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर के बिसहड़ा गांव में रविवार को आयोजित सीएम योगी आदित्यनाथ की रैली में अखलाक लिंचिंग केस का मुख्य आरोपी विशाल सिंह अगली कतार में नजर आया। रैली में इसी मामले का दूसरा आरोपी पुनीत भी नजर आया।



समाचार एजेंसी एएनआई ने एक वीडियो शेयर किया जिसमें अखलाक की हत्या का मुख्य आरोपी विशाल सिंह सहित चार लोग रैली में सबसे आगे खड़े थे और सीएम योगी की भाषण सुनकर नारेबाजी और ताली बजा रहे थे। विशाल सिंह और पुनीत इस समय जमानत पर हैं। विशाल पर आईपीसी की धारा 302 (हत्या) और 307 (हत्या की कोशिश) का मुकदमा दर्ज है।



मामला फास्ट ट्रैक कोर्ट में चल रहा है और आरोपियों पर आरोप तय किया जाना अभी बाकी है। मामले में अगली सुनवाई 10 अप्रैल को होगी। वहीं अखलाक हत्या मामले में पुनीत का नाम एफआईआर में नहीं था लेकिन घटना के तीन महीने बाद अखलाक की बेटी शाइस्ता के बयान के आधार पर पुनीत को गिरफ्तार किया गया था।

बता दें 55 साल के मोहम्मद अखलाक को भीड़ ने घर से निकालकर हत्या कर दी थी। भीड़ को अखलाक के ऊपर गौहत्या का शक था जिसके बाद उसकी पीटाई कर दी थी। इस घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया था जिसके चलते अखलाक के परिवार को गांव छोड़कर जाना पड़ा था।

बाकी ख़बरें