MSP को कानूनी गारंटी देकर किसानों को सशक्त बनाएं: वरुण गांधी का मोदी को पत्र

Written by Sabrangindia Staff | Published on: November 20, 2021
तीन कृषि कानूनों को निरस्त करने के बाद किसानों के विरोध के समर्थन में, भाजपा सांसद वरुण गांधी ने 20 नवंबर, 2021 को प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखा, जिसमें उनसे सभी फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के लिए कानूनी गारंटी की घोषणा करने की अपील की गई। 



उन्होंने कहा है कि तीन कृषि कानूनों वापस लेने की घोषणा का मैं स्वागत करता हूं। मेरा विनम्र निवेदन है कि एमएसपी पर कानून बनाने की मांग व अन्य मुद्दों पर भी अब तत्काल निर्णय होना चाहिए, जिससे किसान भाई आंदोलन समाप्त कर सम्मान घर लौट जाएं। इस चिट्ठी में उन्होंने ये भी लिखा कि लखीमपुर खीरी घटना लोकतंत्र पर धब्बा है। इस मामले से जुड़े मंत्री के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही सरकार को राष्ट्र हित में न्यूनतम समर्थन मूल्य की वैधानिक गारंटी देने की किसानों की मांग को स्वीकार करना चाहिए। 700 किसान इस आंदोलन के दौरान शहीद हुए हैं, उनके परिजनों को एक-एक करोड़ मुआवजा भी दें।

वरुण गांधी ने लखीमपुर खीरी हिंसा को लेकर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र के खिलाफ ऐक्शन लेने की मांग की है। वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लखीमपुर खीरी हिंसा के पीड़ितों को न्याय दिलाने और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा को बर्खास्त करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने देश भर में किसानों के खिलाफ हुए मुकदमों को वापस लेने की मांग की है और कहा कि सभी शहीद किसानों के परिवारों को आर्थिक सहायता दी जाए।



भाजपा सांसद वरुण गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को लिखे पत्र में कहा कि वरिष्ठ पदों पर बैठे कई नेताओं ने हमारे आंदोलनकारी किसानों के खिलाफ भड़काऊ बयान दिया है। भड़काऊ बयानों और किसान आंदोलन को लेकर बनाए गए प्रतिकूल माहौल का ही नतीजा है कि 3 अक्टूबर को लखीमपुर खीरी में हमारे पांच किसान भाइयों को वाहनों से कुचल कर मार डाला गया। यह दिल दहला देने वाली घटना हमारे लोकतंत्र पर एक कलंक है। मेरा आपसे अनुरोध है कि इस घटना से जुड़े केंद्रीय मंत्री के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए ताकि निष्पक्ष जांच हो सके।

इसी बीच शनिवार को प्रधानमंत्री मोदी लखनऊ में हैं। इस दौरान वे देश के सभी राज्यों के डीजीपी के साथ बातचीत करेंगे। डीजीपी सम्मेलन में लखीमपुर खीरी हिंसा के आरोपी के पिता व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी के शामिल होने की भी संभावना है। इसी को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी प्रधानमंत्री मोदी से अजय मिश्र के साथ मंच साझा नहीं करने और उन्हें बर्खास्त करने की मांग की है।

प्रधानमंत्री मोदी को लिखे पत्र में प्रियंका गांधी ने कहा कि लखीमपुर किसान नरसंहार में अन्नदाताओं के साथ हुई क्रूरता को पूरे देश ने देखा। आपको यह जानकारी भी है कि किसानों को अपनी गाड़ी से कुचलने का मुख्य आरोपी आपकी सरकार के केंद्रीय गृह राज्य मंत्री का बेटा है। उत्तर प्रदेश सरकार ने राजनीतिक दबाव के चलते इस मामले में शुरुआत से ही न्याय की आवाज को दबाने की कोशिश की। साथ ही उन्होंने लिखा कि सभी परिवारों का कहना है कि वे सिर्फ अपने शहीद परिजनों के लिए न्याय चाहते हैं और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के पद पर बने रहते हुए उन्हें न्याय की कोई आस नहीं है। 

Related:
PM मोदी ने किया कृषि कानून वापस लेने का ऐलान, टिकैत बोले- तत्‍काल वापस नहीं होगा आंदोलन
SC कॉलेजियम ने पहले समलैंगिक न्यायाधीश को दिल्ली HC में पदोन्नत करने की सिफारिश की

बाकी ख़बरें