अब UP में एक और ASI सर्वेक्षण करने की मांग, मस्जिद के नीचे दफन मूर्तियों की तलाश करने की याचिका

Written by Sabrangindia Staff | Published on: April 15, 2021
नई दिल्ली। श्री कृष्ण जन्मभूमि केस में नया घटनाक्रम हुआ है। दरअसल, मथुरा कोर्ट में दायर एक अर्जी में आगरा स्थित जामा मस्जिद की रेडियोलॉजी सर्वे कराने की मांग की गई है। 



अर्जी में दावा किया गया है कि इस मस्जिद के नीचे भगवान श्रीकृष्ण की मूर्तियां दबाई गई हैं। याचिका में कोर्ट से रेडियोलॉजी टेस्ट के लिए भारतीय पुरातत्व सर्वे (ASI) को निर्देश देने की मांग की गई है। जहांआरा मस्जिद को आगरा की जामा मस्जिद के नाम से भी जाना जाता है। 
 
ज्ञानवापी मस्जिद परिसर-काशी विश्वनाथ मंदिर विवाद मामले में वाराणसी की एक स्थानीय कोर्ट ने एएसआई को विवादित परिसर का विस्तृत सर्वे करने का आदेश दिया है। वाराणसी कोर्ट के इस फैसले को इलाहाबाद उच्च न्यायालय में चुनौती दी गई है। 

मथुरा कोर्ट में दायर अर्जी में दावा किया गया है कि इस मस्जिद के नीचे भगवान श्रीकृष्ण की मूर्तियां दबी हुई हैं। याचिका के मुताबिक मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण का मंदिर गिराने के बाद मुगल शासक औरंगजेब यहां से भगवान श्रीकृष्ण की मूर्तियां लेकर आगरा गया था और यहां उसने इन मूर्तियों को जहांआरा मस्जिद के नीचे दबा दिया।
 
भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थली कटरा केशव देव मंदिर के समीप स्थित 17वीं सदी की मस्जिद को हटाने की मांग करते हुए मथुरा की एक कोर्ट मं अर्जी दायर की गई है। इस अर्जी पर सुनवाई करते हुए गत फरवरी में मथुरा की एक कोर्ट ने शाही ईदगाह मस्जिद समिति एवं अन्य को नोटिस जारी किया। कोर्ट ने इन पक्षकारों से जवाब मांगा। 

अर्जी में ठाकुर श्री केशव देव जी की 13.37 एकड़ जमीन के मालिकाना हक को दिलाने की अपील की गई है। साथ ही वर्ष 1968 में हुई डिक्री को रद्द करने की मांग भी की गई है।

 

बाकी ख़बरें