सुन ले दिल्ली, अब संसद घेरेंगे 40 लाख ट्रैक्टर, इंडिया गेट पर करेंगे खेती- राकेश टिकैत

Written by Sabrangindia Staff | Published on: February 24, 2021
नई दिल्ली। किसान नेता राकेश टिकैत ने एका बार फिर सरकार को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अगर केंद्र सरकार ने कृषि कानूनों को वापस नहीं लिया तो इस बार आह्वान संसद घेरने का होगा और वहां चार लाख नहीं चालीस लाख ट्रैक्टर जाएंगे। 



इसके साथ ही टिकैत ने किसानों से तैयार रहने को कहा क्योंकि कभी भी दिल्ली जाने का आह्वान हो सकता है। टिकैत मंगलवार को राजस्थान के सीकर में संयुक्त किसान मोर्चा की किसान महापंचायत को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि कान खुल कर सुन ले दिल्ली, ये किसान भी वही हैं और ट्रैक्टर भी वही होंगे। लेकिन अबकी बार आह्वान संसद का होगा। कहकर जाएंगे संसद पर। उन्होंने आगे कहा कि किसान इंडिया गेट के पास के पार्कों में जुताई करेगा और फसल भी उगाएगा।

राकेश टिकैत ने कहा कि सरकार को किसानों की तरफ से खुली चुनौती है कि सरकार ने तीनों कृषि कानून वापस नहीं लिए और एमएसपी लागू नहीं की तो बड़ी-बड़ी कंपनियों के गोदाम को ध्वस्त करने का काम भी देश का किसान करेगा।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ ही देश भर के किसानों के बड़े नेता रहे महेंद्र सिंह टिकैत के बेटे राकेश टिकैत ने सरकार से कहा कि वह इन कृषि क़ानूनों को वापस ले ले और एमएसपी को लेकर क़ानून बनाए। सीकर की इस महापंचायत में महिलाओं की भी अच्छी-खासी भागीदारी रही। 

टिकैत ने किसानों से कहा कि वे दिल्ली मार्च के लिए तैयार रहें और किसी भी समय इसके लिए बुलावा आ सकता है। टिकैत ने मंगलवार को ही राजस्थान के सरदारशहर और चुरू की किसान महापंचायतों में भी हुंकार भरी। महापंचायत को स्वराज इंडिया के अध्यक्ष योगेंद्र यादव सहित कई अन्य लोगों ने संबोधित किया। 

पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश से किसान महापंचायतों का दायरा आगे बढ़ रहा है। राकेश टिकैत के बड़े भाई नरेश टिकैत उत्तर प्रदेश के बाक़ी हिस्सों की ओर बढ़ रहे हैं। बुधवार को नरेश टिकैत बाराबंकी और गुरूवार को बस्सी में आयोजित किसान महापंचायतों को संबोधित करेंगे। 

बाकी ख़बरें