हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के बुजुर्ग भाई ‘बलात्कार’ के आरोप में गिरफ्तार

Written by sabrang india | Published on: October 11, 2025
पुलिस अधीक्षक के अनुसार 81 वर्षीय राम कुमार ने 7 अक्टूबर को महिला के साथ कथित तौर पर मारपीट की और महिला ने 8 अक्टूबर को सोलन के महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई। महिला की शिकायत के आधार पर, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 64 (बलात्कार की सजा) और धारा 68 (अधिकार प्राप्त व्यक्ति द्वारा यौन संबंध) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।


साभार : इंडियन एक्सप्रेस

हिमाचल प्रदेश पुलिस ने प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के बड़े भाई राम कुमार बिंदल को गिरफ्तार किया है जो पारंपरिक चिकित्सा के चिकित्सक है। उन पर आरोप है कि उन्होंने सोलन स्थित अपने क्लिनिक में चिकित्सकीय जांच के बहाने 25 वर्षीय महिला के साथ बलात्कार किया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने इस गिरफ्तारी की पुष्टि की है।

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने पुलिस की कार्रवाई को “नीचतम स्तर” का बताते हुए इसे “राजनीतिक रूप से प्रेरित और शरारतपूर्ण कृत्य” करार दिया है।

सोलन के पुलिस अधीक्षक (SP) गौरव सिंह ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि 81 वर्षीय राम कुमार ने कथित रूप से 7 अक्टूबर को महिला के साथ यौन उत्पीड़न किया। पीड़िता ने अगले दिन, 8 अक्टूबर को सोलन स्थित महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई।

महिला की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 64 (बलात्कार के लिए दंड) धारा 68 (प्राधिकृत व्यक्ति द्वारा यौन संबंध) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। ये धाराएं विशेष रूप से बलात्कार और पद का दुरुपयोग करके यौन शोषण से संबंधित गंभीर अपराधों को कवर करती हैं।

एसपी गौरव सिंह ने बताया, "महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि वह लंबे समय से एक बीमारी से पीड़ित थी और 7 अक्टूबर को आयुर्वेदिक इलाज के लिए सोलन स्थित 'वैद्य' राम कुमार के क्लिनिक पर दिखाने गई थी।"

महिला ने अपनी शिकायत में आगे बताया कि क्लिनिक में उसने राम कुमार को अपनी यौन स्वास्थ्य से जुड़ी समस्या के बारे में बताया। महिला के अनुसार, राम कुमार ने उसकी बीमारी के बारे में विस्तार से पूछताछ की और भरोसा दिलाया कि वह उसका इलाज कर सकता है। शिकायत में महिला ने कहा, "उसने (राम कुमार ने) अपनी विशेषज्ञता साबित करने के लिए एक संबंधित पुस्तक भी दिखाई।"

पुलिस ने शिकायत का हवाला देते हुए बताया कि महिला ने आरोप लगाया है कि राम कुमार ने उसकी सहमति न होने के बावजूद उसके गुप्तांगों की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि महिला ने आगे आरोप लगाया कि मेडिकल जांच के बहाने उसके साथ डिजिटल तरीके से बलात्कार किया गया और वह किसी तरह आरोपी को धक्का देकर भागने में सफल रही।

पुलिस ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद, पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

एसपी सिंह ने एक्सप्रेस को बताया, "आरोपी को गिरफ्तार करने से पहले, हमने स्थानीय मजिस्ट्रेट के सामने महिला का बयान दर्ज किया और घटनास्थल से प्रासंगिक फोरेंसिक साक्ष्य भी एकत्र किए। हमने पाया कि आरोपी ने 7 अक्टूबर को अपने क्लिनिक के उस रजिस्टर का पन्ना फाड़ दिया था जिसमें पीड़िता का पहले का केस स्टडी दर्ज किया गया था।"

इस बीच, राजीव बिंदल ने कहा, "राज्य पुलिस अपने निम्नतम स्तर पर पहुंच गई है। मेरे भाई 81 साल के हैं और पूरे क्षेत्र में अपने सामाजिक कार्यों के लिए जाने जाते हैं। वह आयुर्वेदिक चिकित्सक हैं और न केवल हिमाचल प्रदेश से, बल्कि पड़ोसी राज्यों से भी लोग उनके पास इलाज के लिए आते हैं। उनके पोते एक आईपीएस अधिकारी हैं। मुझे समझ नहीं आ रहा कि एक महिला द्वारा लगाए गए कुछ आरोपों के आधार पर पुलिस ने उन्हें इतनी जल्दी कैसे गिरफ्तार कर लिया।"

हिमाचल भाजपा मीडिया सेल के संयोजक करण नंदा ने कहा कि राम कुमार ने "सनातन धर्म को मज़बूत करने में बहुत योगदान दिया है।" उन्होंने कहा, "यह मामला राजनीति से प्रेरित और शरारती लगता है।"

Related

भय का सितंबर: राजस्थान में ईसाइयों के खिलाफ लक्षित हिंसा ‘धर्मांतरण विरोधी कानून’ के बाद उत्पीड़न के पैटर्न को उजागर करती है

दक्षिणपंथी कार्यकर्ताओं के खिलाफ नन के ‘उत्पीड़न’ की एफआईआर दर्ज करने की महिला आयोग ने मांग की

बाकी ख़बरें