UP: कृषि विधेयकों के खिलाफ भाकियू का जगह-जगह चक्का जाम

Written by Navnish Kumar | Published on: September 25, 2020
सहारनपुर। कृषि विधेयकों के खिलाफ भाकियू (टिकैत) ने ज़िले में दिल्ली देहरादून नेशनल हाइवे को फतेहपुर छुटमलपुर व सरसावा में जाम कर धरना प्रदर्शन किया तो नागल में सहारनपुर मुजफ्फरनगर स्टेट हाइवे को जाम कर प्रदर्शन किया गया। रामपुर मनिहारान में दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाइवे को भी जाम किया गया। नागल में कांग्रेस नेता इमरान मसूद भी धरने में शामिल हुए।


नागल सहारनपुर में भाकियू का धरना

ज़िले में सरसावा, रामपुर, गागलहेड़ी, फतेहपुर, बड़गांव व नागल में आधा दर्जन जगह पर किसानों ने ढोल धमाकों के हाइवे पर जाम लगाया और धरना प्रदर्शन किया। किसानों की मांग हैं कि न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से कम पर फसल खरीद को कानूनी अपराध बनाया जाए। कहा किसान का एक ही नारा, एमएसपी हो कानूनी अधिकार हमारा। 


सहारनपुर के नागल में सहारनपुर मुजफ्फरनगर स्टेट हाइवे को जाम करते भाकियू कार्यकर्ता

नागल में धरने की कमान भाकियू प्रदेश उपाध्यक्ष चौ विनय कुमार ने संभाली। यहां वक्ताओं ने सरकार पर किसानों से बात किए बगैर ही विधेयक लाने के आरोप लगाए। छुटमलपुर में जिलाध्यक्ष चौ चरण सिंह तथा सरसावा में जिला महासचिव अशोक चौधरी के नेतृत्व में शाहजहांपुर पर दरी डालकर राष्ट्रीय राजमार्ग जाम किया। 


सहारनपुर के छुटमलपुर में देहरादून दिल्ली हाइवे को जाम कर धरना प्रदर्शन करते भाकियू कार्यकर्ता

किसानों ने कहा कि केंद्र सरकार किसान विरोधी है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग करते हुए कहा कि अध्यादेश बनाते समय बॉडी के अंदर किसान के बेटे भी होने चाहिए थे जो नहीं रखे गए। कहा राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर वह शांतिपूर्वक धरने पर बैठे है। मांगे नहीं माने जाने आगामी 15 दिनों में फिर से राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर देशभर में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि केंद्र सरकार द्वारा लाया गया काला कानून लागू होता है तो इसमें किसान पूरी तरह से बर्बाद हो जाएगा। जिसे भारतीय किसान यूनियन किसी कीमत पर भी बर्दाश्त नहीं करेगी।

Related
मोदी को सपने बेचने के लिए हर दो साल पर नई जनता चाहिए, अब किसानों की बारी आई है- रवीश कुमार
पूंजीपतियों के लिए अधिकतम खुदरा मूल्य और किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य, दावा किसान हितैषी होने का
किसानों के लिए MSP: मोदी सरकार के झूठ का पर्दाफाश

बाकी ख़बरें