बुलंदशहर हिंसा में बीजेपी यूथ विंग का सदस्य शिखर अग्रवाल गिरफ्तार

Written by Sabrangindia Staff | Published on: January 10, 2019
लखनऊ। यूपी के बुलंदशहर में गोकशी के शक में फैली हिंसा के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी शिखर अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया है। शिखर को हिंसा फैलाने का मुख्य आरोपी बनाया गया है। शिखर अग्रवाल बीजेपी यूथ विंग का सदस्य भी है। वह चिंगरावठी बवाल में भी नामजद है। उसे आज (गुरुवार) को कोर्ट में पेश किया जाएगा। बता दें कि बुलंदशहर हिंसा मामले में पुलिस अब तक 35 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।

बुलंदशहर के स्याना में कथित रूप से गोवंश के अवशेष मिलने की खबर फैलने के बाद 3 दिसंबर 2018 में हिंसा भड़क गई थी। इस दौरान भीड़ ने गोली मारकर पुलिस इंस्पेक्टर सुबोध कुमार की हत्या कर दी थी। वहीं, गोली लगने से ही सुमित नाम के युवक की भी मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस हिंसा के मुख्य आरोपी योगेश राज को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। वह बजरंग दल का जिला संयोजक है।

प्रशासन पर आरोप लग रहे थे कि राजनीतिक दवाब के चलते योगेश राज और शिखर अग्रवाल की गिरफ्तारी नहीं की जा रही है। ऐसे में इन दोनों ने ही खुद के वीडियो जारी कर खुद को बेकसूर और पुलिस को आरोपी बताया था। शिखर अग्रवाल वीडियो में इंस्पेक्टर की हत्या को भी जायज ठहराता नजर आ रहा था। 

बुलंदशहर हिंसा के दौरान इंस्पेक्टर सुबोध की हत्या करने वाले प्रशांत नट को पुलिस ने 27 दिसंबर को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया था। इसके अलावा रिवॉल्वर चुराने वाले जॉनी की भी पहचान हो चुकी है। उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, जॉनी ने इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह की रिवॉल्वर चोरी की थी, जबकि प्रशांत नट ने उन्हें गोली मारी थी। इस मामले में पुलिस को दो वीडियो मिले थे, जिनमें ये दोनों एक साथ नजर आए।

बाकी ख़बरें