बुलंदशहर: जनजागरण रैली में मुस्लिमों के खिलाफ भड़काऊ नारेबाजी, दो गिरफ्तार

Written by Sabrangindia Staff | Published on: January 15, 2021
बुलंदशहर। अयोध्या में बन रहे राम मंदिर के चंदा उगाहने के अभियान की शुरुआत शुक्रवार से हो रही है। लेकिन इससे पहले उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में निकली एक रैली ने कुछ और ही संकेत दिए। दरअसल इस रैली में शामिल कुछ युवा मुसलमानों के लिए आपत्तिजनक नारे लगा रहे थे। लेकिन गनीमत यह रही कि पुलिस ने इसके वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही कार्रवाई करते हुए नारे लगा रहे दो युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस तरह के वीडियो इसलिए भी चिंताजनक हैं कि इसी तरह की हरकत से बीते साल दिसंबर में मध्य प्रदेश के तीन जिलों में सांप्रदायिक तनाव पैदा हो गया था। 



दरअसल सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा था। इसमें बाइक सवार युवा रैली निकाल रहे हैं। हालांकि यह पता नहीं चल पाया है कि यब वीडियो कब का है। लेकिन इसे अयोध्या में बनने वाले राम मंदिर के लिए चंदा जुटाने के लिए शुरू किए जाने वाले अभियान के लिए चलाए गए जनजागरण अभियान का बताया जा रहा है। बुलंदशहर में पिछले कुछ दिनों से जनजागरण बाइक रैली का आयोजन किया जा रहा है। इसमें आरएसएस और विश्व हिंदू परिषद से जुड़े लोग शामिल हो रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को बुलंदशहर के शिकारपुर में निकाली गई इसी तरह की रैली का बताया जा रहा है।

इस बीच खबर मिली है कि इस तरह की रैलियां उत्तर प्रदेश के और जिलों में भी निकाली गईं। इसमें आरएसएस और उसके आनुषांगिक संगठनों के कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए। शामली में निकाली गई इसी तरह की एक रैली में शामिल युवाओं के हाथों में तलवार होने की बात भी सामने आई है। 

ठीक इसी तरह की रैलियों के दौरान मध्य प्रदेश में सांप्रदायिक हिंसा भड़क उठी थी। मध्य प्रदेश में आयोजित रैलियों में भी मुसलमानों के मुहल्लों, मस्जिदों और ईदगाहों के आसपास उत्तेजक और भड़काऊ नारे लगाए गए। इस प्रतिरोध करने पर हिंसा भड़क उठी। मध्य प्रदेश में सरकार और प्रशासन भी बहुसंख्यक हिंदू समाज के साथ ही खड़ा नजर आया। लेकिन उत्तर प्रदेश में अच्छी बात यह रही कि पुलिस ने इस मामले में खुद ही कार्रवाई करते हुए दो लोगों को जेल भेज दिया। इससे कोई बड़ी घटना नहीं हो पाई। 

Inputs: hindi.asiavillenews.com से साभार

बाकी ख़बरें