वेस्ट यूपी में कलक्ट्रेट पर किसानों का हल्ला बोल, सपा, रालोद व आप के ज्यादातर नेता नजरबंद

Written by Navnish Kumar | Published on: December 14, 2020
मेरठ। कृषि कानूनों के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर आज सोमवार को वेस्ट यूपी में सभी जिला मुख्यालयों (कलक्ट्रेट) पर किसानों का हल्ला बोल है। सहारनपुर में भाकियू की अपील पर भारी संख्या में किसान ट्रैक्टरों सहित गांधी पार्क में जुट गए हैं। वहां से जुलूस की शक्ल में किसान कलेक्ट्रेट पहुंचेंगे। कई किसान नेताओं ने भूख हड़ताल का ऐलान किया है। दूसरी ओर किसान आंदोलन के समर्थन में क्रमशः धरना, बुद्धि शुद्धि यज्ञ व उपवास करने की घोषणा पर पुलिस प्रशासन ने सपा, रालोद व आप के नेताओं को सुबह से ही उनके घरों पर नजरबंद कर दिया है। 



मेरठ व सहारनपुर मंडल के सभी जिलों में किसान भारी संख्या में विरोध प्रदर्शन के लिए पहुंचे हैं। वहीं सभी जिलों में सपा, आप पार्टी के कई नेताओं को पुलिस ने नजरबंद कर दिया है। आलम यह है कि ब्लॉक स्तरीय व प्रकोष्ठों के नेताओं को भी नजरबंद किया गया है। दरअसल कृषि कानूनों के विरोध में किसानों के समर्थन में सपा ने धरना, रालोद ने बुद्धि शुद्धि यज्ञ और आप ने उपवास करने का ऐलान किया था।

सहारनपुर में नगर विधायक व सपा व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष संजय गर्ग को पुलिस ने उनके आवास पर ही नजरबंद कर दिया है। इस दौरान उनकी पुलिस से तीखी नोंक झोंक भी हुई लेकिन पुलिस ने घर से नहीं निकलने दिया है। संजय गर्ग ने कहा कि लोकतंत्र में किसानों के समर्थन में शांतिपूर्ण धरना भी नहीं दे सकते हैं। जबकि भाजपा वालों को सारी छूट है। इससे पहले किसान यात्रा के दौरान भी ऐसा ही किया गया था।



सपा जिलाध्यक्ष चौ. रुद्रसेन को पुलिस ने उनके आवास से नहीं निकलने दिया है और उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ तीतरो में अपने आवास के बाहर ही धरना शुरू कर दिया। पूर्व मंत्री शगुफ्ता खान व उनके पति खालिद खान व बेटे साहिल को उनके नकुड़ आवास पर नजरबंद कर दिया गया है।  


धरने पर बैठे सपा जिला अध्यक्ष चौधरी रुद्रसैन

रालोद के प्रदेश महासचिव अय्यूब हसन को पुलिस ने उनके घर पर ही नजरबंद कर दिया है। आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष आदित्य के घर पर भी सुबह ही पुलिस पहुंच गई। बेहट विधानसभा क्षेत्र के सपा अध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य रागिब अली को उनके समर्थकों सहित गांव रसूलपुर कलां में पुलिस ने नजरबंद कर दिया। सपा उपाध्यक्ष व पूर्व चेयरमेन अफजाल खान, अमित गुर्जर, संदीप चौधरी, फैसल सलमानी आदि भी हिरासत में लिए गए हैं। हालांकि कुछ सपा कार्यकर्ता हकीकत नगर में धरनास्थल पर पहुंच गए हैं और धरना प्रदर्शन शुरू किया है। 


सहारनपुर नगर विधायक संजय गर्ग को रोकती पुलिस

वहीं मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मेरठ में धरना प्रदर्शन को लेकर पुलिस ने रविवार देर रात ही शहर विधायक रफीक अंसारी को हाउस अरेस्ट (नजरबंद) कर लिया। 

मुजफ्फरनगर में आंदोलन को लेकर सुबह से ही किसान नेताओं की धरपकड़ शुरू हो गई। पुलिस ने पूर्व विधायक राजपाल बालियान को नजरबंद किया। तितावी थानाक्षेत्र में भाकियू नेता विदित मलिक को सुबह चार बजे उनके मकान में ही नजरबंद कर दिया। जिला उपाध्यक्ष राजीव लाटियान को थाने में बैठाया।

इसके अलावा किसानों के समर्थन में सपा के धरना प्रदर्शन से पूर्व ही सपा नेता शमशेर मलिक गिरफ्तार कर लिया। वहीं भोपा में सपा नेता हाजी लियाकत अली के आवास पर देर रात से ही पुलिस का पहरा लगा हुआ है। हाजी लियाकत अली व उनके पुत्र अंजुम कमाल को भी नजरबंद कर दिया गया है।  

शामली में एसटी तिराहे पर किसान प्रदर्शन के लिए पहुंचेंगे। यहां से प्रदर्शन करते हुए कलक्ट्रेट जाएंगे। दो घंटे धरना देने के बाद ज्ञापन दिया जाएगा। भारतीय किसान यूनियन के साथ भारतीय किसान संगठन एवं किसान यूनियन के नेता भी कलक्ट्रेट पहुंचेंगे।

बिजनौर में आप के प्रदेश सह प्रभारी निर्मल मिश्रा को अफजलगढ़ पुलिस ने हिरासत में ले लिया। रात लगभग साढ़े बारह बजे पुलिस ने उन्हें घर से उठाया और थाने भेज दिया। जिले में आज के किसानों के जिला मुख्यालयों के प्रदर्शन को देख गैर भाजपा दलों के नेताओं के घरों पर पुलिस तैनात की गई है। पूर्व राज्यमंत्री स्वामी ओमवेश सहित कई सपा नेताओं के घर पर पुलिस का पहरा लगा हुआ है। कांग्रेस व आप पार्टी के कई नेता हिरासत में लिए गए हैं। 

कृषि कानूनों के विरोध में आज बागपत कलक्ट्रेट में किसान गरजेंगे। भाकियू और अन्य किसान संगठन के बैनर तले जिलेभर से किसान कलक्ट्रेट पहुंचेंगे। किसानों ने दिल्ली-सहारनपुर हाईवे जाम करने का एलान किया है। भाकियू ने राजनीतिक दलों के झंडे, टोपी और बैनर को कलक्ट्रेट में नहीं घुसने देने की बात कही है।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि समर्थन करना है तो राजनीतिक दलों के पदाधिकारी किसान बनकर धरनास्थल पर आ सकते हैं। उधर पुलिस ने मेरठ रोड पर सपा जिला अध्यक्ष बिल्लू प्रधान को उनके आवास पर नजरबंद किया है। रालोद जिलाध्यक्ष योगेंद्र चेयरमैन कार्यालय पर नजरबंद किया गया है।

बाकी ख़बरें