चुनाव से पहले ध्रुवीकारण का खेल शुरू, भाजपा नेता की शिकायत पर AMU के 14 छात्रों पर देशद्रोह का केस

Written by sabrang india | Published on: February 14, 2019
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) में मंगलवार को हुए बवाल का मामला तूल पकड़ रहा है। भाजपा युवा मोर्चा की तहरीर पर भारत के खिलाफ नारेबाजी करने के आरोप में 14 छात्रों पर देशद्रोह की कार्रवाई की गई है। भाजपा युवा मोर्चा की तरफ से भारत मुर्दाबाद और पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने का आरोप लगाया गया है। वहीं, एएमयू प्रशासन ने आठ छात्रों को सस्पेंड कर दिया है। यहां गुरुवार दोपहर 12 बजे तक इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। कैंपस को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। एएमयू रजिस्ट्रार ऑफिस के बाहर और सर्कल पर हुई घटनाओं में अब तक दो मुकदमे दर्ज हुए हैं। दूसरा मुकदमा रिपब्लिक टीवी की पत्रकार नलिनी सिंह की तरफ से दर्ज कराया गया है। 

भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष मुकेश सिंह लोधी ने तहरीर में आरोप लगाया है कि मंगलवार दोपहर 3:30 बजे वह अपने साथी मनोज शर्मा के साथ पार्टी का झंडा लगी अपनी कार से किसी काम से कलेक्ट्रेट जा रहे थे। इस दौरान सर्कल चौराहे पर एएमयू के हमलावर छात्रों ने गाड़ी पर झंडा व स्टीकर देखकर हमला बोल दिया। दोनों को गाड़ी से बाहर खींचते हुए मारा-पीटा। विरोध करने पर फायरिंग की। एक गोली उनके शरीर को छूकर निकल गई, जबकि दूसरी गोली कार में धंसी। मनोज का मोबाइल व जंजीर लूट ली। आरोपी छात्र पाकिस्तान जिंदाबाद, भारत मुर्दाबाद व पीएम मुर्दाबाद के नारे लगाते और तमंचे लहराते हुए वहां से फरार हो गए।

इस मामले में नदीम अंसारी, जैद शैरवानी, छात्रसंघ सचिव हुजैफा आमिर, उपाध्यक्ष हमजा सूफियान, अध्यक्ष सलमान इम्तिया, फरहान जुबेरी, नजमुल, मोहम्मद आमिर, नवेद आलम, पूर्व अध्यक्ष मशकूर अहमद, आरिफ त्यागी, साकिब, जकी रिहान, असद आरोपी बनाए गए हैं। सिविल लाइन थाने के इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने बताया कि जानलेवा हमला, देशद्रोह, मारपीट और बलवे की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

मुकदमे का विरोध
उधर, एएमयू छात्रसंघ पदाधिकारियेां व अन्य छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने पर छात्रों ने बाबे सैयद गेट पर धरना शुरु कर दिया है। छात्रों के खिलाफ दर्ज मुकदमों को निरस्त कर दूसरे पक्ष के छात्रों को एएमयू से निष्कासन की मांग कर रहे हैं। साथ ही इनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की भी मांग कर रहे हैं। छात्रों के समर्थन में वीमंस कॉलेज की छात्राएं बुधवार को मार्च निकालकर धरना स्थल पर पहुंचीं।

रिपब्लिक टीवी की महिला पत्रकार का आरोप
रिपब्लिक टीवी की महिला पत्रकार नलिनी सिंह का आरोप है कि उनके क्रू मैंबर्स के साथ छात्रों व सुरक्षा गार्डों द्वारा अभद्रता की गई। जबकि छात्रों का आरोप है कि नलिनी सिंह ने आते ही विवि को आतंकियों का अड्डा कहकर रिपोर्टिंग शुरू की तो उन्होंने उऩ्हें शांति से समझाते हुए जाने के लिए कहा। इस पर नलिनी सिंह भड़क उठीं और उन्हें फंसाने की धमकी दी व अपना कैमरा खुद ही तोड़ दिया।  

बाकी ख़बरें