महाराष्ट्र के बाद अब गोवा पर शिवसेना की नजर, डेढ़ साल में फीका हुआ भगवा

Written by sabrang india | Published on: November 29, 2019
नई दिल्ली। मार्च 2018 में भारत के नक्शे का दो-तिहाई से ज्यादा हिस्सा भगवा रंग में रंगा हुआ था। फिर राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ से भगवा रंग उतरा और यह सिलसिला अब महाराष्ट्र तक पहुंच चुका है। अब शिवसेना एक और राज्य को भाजपा से छीन सकती है। यह राज्य है गोवा औऱ इसका इशारा किया है शिवसेना सांसद संजय राउत ने।



शिवसेना सांसद संजय राउत ने शुक्रवार को कहा कि महाराष्ट्र के बाद गोवा में भी कोई 'चमत्कार' हो सकता है और सत्तारूढ़ पार्टी भारतीय जनता पार्टी को जल्द ही भूचाल का सामना करना पड़ सकता है। राउत ने संवाददाताओं से कहा, "गोवा फॉरवर्ड पार्टी प्रमुख विजय सरदेसाई सहित करीब चार विधायक शिवसेना के संपर्क में हैं।"

उन्होंने आगे कहा, "कांग्रेस सहित कई पार्टियों के साथ मिलकर राज्य में हम एक अलग मोर्चा बनाने की योजना बना रहे हैं। हमें आशा है कि गोवा में जल्द ही कोई 'चमत्कार' हो सकता है।" शिवसेना के नेता का यह बयान शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे द्वारा महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री पद संभालने के ठीक एक दिन बाद आया है। राउत ने आगे कहा, 'यह चमत्कार अब देशभर में दिखेगा। महाराष्ट्र के बाद अब गोवा की बारी है। इसके बाद हम दूसरे राज्यों में जाएंगे। हम देश में गैर-बीजेपी राजनीतिक मोर्चा बनाना चाहते हैं।'

संजय राउत के गोवा को लेकर दिए बयान के बाद उनकी गोवा में सहयोगी पार्टी गोवा फॉरवर्ड पार्टी के प्रमुख और गोवा के पूर्व डिप्टी सीएम विजई सरदेसाई ने कहा कि घोषणा करने के बाद सरकार बदलती नहीं है। यह अचानक होता है। महाराष्ट्र में जो हुआ, वह गोवा में भी होना चाहिए। विपक्ष को साथ आना चाहिए। हम संजय राउत से मिले। महा विकास अघाड़ी का गठन किया गया है, जिसे गोवा तक भी बढ़ाया जाना चाहिए।

इससे पहले संजय राउत ने शेर ट्वीट कर इशारों में बीजेपी पर निशाना साधा। राउत ने अपने ट्विटर हैंडल पर ट्वीट करते हुए लिखा कि 'हम शतरंज में कुछ ऐसा कमाल करते हैं/ कि बस पैदल ही राजा को मात करते हैं'। हालांकि, राउत ने अपने ट्वीट में किसी का नाम नहीं लिया है लेकिन माना जा रहा है कि इस बार भी उनके निशाने पर बीजेपी है।

बता दें कि कांग्रेस मुक्त भारत का सपना लेकर चली भाजपा बीते डेढ़ साल में सिमटती जा रही है। राजस्थान, पंजाब, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में सरकार गंवाने के बाद अब एक और बड़े सूबे महाराष्ट्र से भी भगवा रंग उतर गया है।


PC- NBT

मार्च 2018 की बात करें तो उस दौरान बीजेपी देश के कुल 21 राज्यों में शासन कर रही थी और देशभर में ही एक तरह से मोदी लहर की स्थिति थी। फिर 2019 आया और बीजेपी ने लोकसभा चुनाव में 2014 से भी बड़ी जीत हासिल की। लेकिन, उससे पहले कई राज्यों में वह सत्ता गंवा चुकी थी और फिर उसके बाद भी यह सिलसिला जारी रहा।

राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में दिसंबर 2018 में सत्ता गंवाने के बाद अब महाराष्ट्र भी उसके हाथ से फिसल गया है, जबकि हरियाणा में भी वह अपने दम पर सत्ता में नहीं आ सकी है। बीते साल ही जम्मू-कश्मीर से लेकर आंध्र प्रदेश और अरुणाचल तक में शासन करने वाली बीजेपी का देश के राजनीतिक नक्शे पर तेजी से सिमटी है। मौजूदा स्थिति की बात करें तो यूपी ही एकमात्र ऐसा बड़ा राज्य है, जहां वह अपने दम पर शासन कर रही है।

 

बाकी ख़बरें