बलात्कार के आरोपी चिन्मयानंद का भव्य स्वागत, NCC कैडेट्स ने दी सलामी

Written by Sabrangindia Staff | Published on: February 8, 2020
शाहजहांपुर: एक विधि छात्रा के यौन उत्पीड़न मामले में पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता चिन्मयानंद की जेल से रिहाई के बाद उनके आश्रम पर पूजा के बाद प्रसाद रूप में सैकड़ों लोगों को भोजन कराया गया, साथ ही उनके आश्रम पहुंचने पर राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के कैडेटों ने उनकी अगवानी की।



इलाहाबाद उच्च न्यायालय से चिन्मयानंद की जमानत मंजूर होने के बाद बुधवार शाम को जिला जेल से चिन्मयानंद की रिहाई हो गई। इसके बाद वह अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ मुमुक्षु आश्रम आए, जहां राष्ट्रीय कैडेट कोर  के कैडेट्स ने उनकी अगवानी की तथा उन्हें सलामी भी दी।

चिन्मयानंद के पारिवारिक सदस्य अमित सिंह ने बताया, ‘उच्च न्यायालय से जमानत मंजूर होने के बाद मुमुक्षु आश्रम में पूजा अर्चना की गई तथा प्रसाद के रूप में स्वामी चिन्मयानंद के समर्थकों को भोजन भी कराया गया।’

चिन्मयानंद के अधिवक्ता ओम सिंह ने उन्हें बेक़सूर बताते हुए कहा, ‘चिन्मयानंद को पूरी तरह साजिश में फंसाया गया है। बुधवार को जेल से रिहाई के बाद चिन्मयानंद के समर्थकों का जेल गेट पर उमड़ा सैलाब बताता है कि वह पूरी तरह निर्दोष हैं।’

वहीं मुमुक्षु आश्रम के सूत्रों ने बताया, ‘गुरुवार को स्वामी चिन्मयानंद ने दो कॉलेजों का भ्रमण भी किया। कॉलेज की व्यवस्था देखी और इसके बाद वह मुमुक्षु आश्रम परिसर में भी घूमे।’

 

बाकी ख़बरें