ग्वालियर: आत्मदाह करने वाले दिहाड़ी कर्मचारी की मौत

मध्यप्रदेश में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के शोषण और प्रताड़ना का सिलसिला जारी है। ऐसे ही एक कर्मचारी की खुद को आग लगा लेने के बाद उसकी मौत हो गई। मृतक अरुण सिंह परिहार ग्वालियर में राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय का दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी था, लेकिन 1 जून को उसे लंबी प्रताड़ना के बाद नौकरी से हटा दिया गया था।  



दैनिक भास्कर की खबर के अनुसार, अरुण सिंह परिहार ने विश्वविद्यालय के अधिकारियों पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए आत्मदाह किया था। बुरी तरह से जली हालत में उसका दिल्ली में सर गंगाराम अस्पताल में इलाज हो रहा था, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।

मृतक अरुण सिंह परिहार ने अपने सुसाइड नोट में कृषि विश्वविद्यालय के 4 अफसरों पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। इनके नाम हैं कृषि संकाय की डीन डॉ. मृदुला बिल्लोरे, निदेशक प्रक्षेत्र डॉ जेपी दीक्षित, टेक्निकल ऑफीसर आरजी तिवारी और दिनेश पालीवाल। सुसाइड नोट में अरुण ने लिखा था कि उसकी मौत के लिए ये चारों जिम्मेदार हैं, और इनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

प्रशासन अब इन चारों रसूखदार अधिकारियों को बचाने में जुटा है और सुसाइड नोट में इनका नाम होने के बाद भी इनकी गिरफ्तारी नहींकी गई है।

दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी अरुण सिंह परिहार की की खबर मिलने पर विश्वविद्यालय के कर्मचारियों ने भारी हंगामा मचाया। नाराज कर्मचारियों को रोकने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने गेट पर पुलिस तैनात करवा दी। इस पर कर्मचारी काफी देर तक गेट पर ही धरना दिए बैठे रहे।

दैनिक भास्कर की खबर के अनुसार, अरुण सिंह परिहार को विश्वविद्यालय प्रबंधन ने 1 जून को नौकरी से निकाल दिया था और उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। तभी से वह तनाव में था। इसके बाद उसने बुधवार की रात अपने ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली।

इनाडु इंडिया की खबर के मुताबिक कर्मचारियों के बढ़ते दबाव के बाद उच्च शिक्षा मंत्री जयभान सिंह पवैया ने और कुलपति से बात की जिसके बाद विश्वविद्यालय प्रबंधन ने मृतक की पत्नी को संविदा नियुक्ति और ढाई लाख रुपए की मदद के आदेश जारी किए।
मृतक अरुण सिंह परिहार के अंतिम संस्कार में विश्वविद्यालय की तरफ से कोई भी प्रतिनिधि शामिल नहीं हुआ।

अरुण सिंह परिहार को आत्मदाह पर मजबूर करने वाले अधिकारियों की गिरफ्तारी की मांग राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय श्रमिक/कर्मचारी संघ ने की है। 

 

बाकी ख़बरें