भीम आर्मी चीफ चन्द्रशेखर आजाद देवबंद से गिरफ्तार, तबियत बिगड़ी, अस्पताल रैफर

Written by sabrang india | Published on: March 12, 2019
सहारनपुर। 11 मार्च से सहारनपुर से दिल्ली तक बहुजन अधिकार सुरक्षा यात्रा निकाल रहे भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद को देवबंद से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान चंद्रशेखर आजाद की तबियत बिगड़ गई। आनन फानन में उन्हें AIIMS रैफर किया गया गया है। 


भीम आर्मी की तरफ से सबरंग इंडिया को दी गई जानकारी के मुताबिक, चंद्रशेखर आजाद को एम्स रैफर किया गया था लेकिन पुलिस उन्हें आनंद हॉस्पिटल मेरठ लेकर जा रही है जहां उनका पहले से ही इलाज चल रहा है। इसके बाद उन्हें एम्स ले जाया जा सकता है। 

चंद्रशेखर आजाद ने बीते सप्ताह घोषणा की थी कि भीम आर्मी पीएम नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के खिलाफ लड़ने वाले प्रत्याशियों का समर्थन करेगी। इसके साथ ही उन्होंने सहारनपुर से दिल्ली के जंतर मंतर तक रैली निकालने का आह्वान किया था। यह रैली सहारनपुर के रविदास छात्रावास से प्रस्तावित थी लेकिन इससे पहले ही उसे सील कर दिया गया। 

अब पुलिस द्वारा बताया जा रहा है कि आचार संहिता लगने के बाद धारा 144 लागू है लेकिन भीम आर्मी सहारनपुर में पदयात्रा कर रही थी। इसी के चलते चंद्रशेखर को साथियों के साथ हिरासत में लिया गया था। इसी दौरान उनके तबियत बिगड़ने की खबर आ रही है। 

चंद्रशेखर आजाद 15 मार्च को दिल्ली में कांशीराम की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने जाना चाहते थे, लेकिन इसके लिए उन्हें अनुमति नहीं दी गई। आज वे सहारनपुर में पदयात्रा पर थे जहां से उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। 

 

बाकी ख़बरें