बजरंग दल के योगेश राज की FIR में 11 और 12 साल के बच्चों के नाम

Written by Sabrangindia Staff | Published on: December 5, 2018
बुलंदशहर. यूपी के बुलंदशहर में कथित गोहत्‍या के शक में की गई हिंसा और हत्‍या का मामला अभी सुलझा नहीं था कि गोकशी में बजरंग दल के जिला संयोजक योगेश राज की ओर से दर्ज कराई गई FIR पर बवाल मच गचा है। योगेश राज द्वारा नामजद कराए लोगों में से कुछ के परिवार कहना है कि योगेश राज के दबाव में पुलिस ने दो नाबालिगों के नाम FIR में दर्ज कर लिए हैं। उधर, पुलिस अधिकारी अभी इस मामले में कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। 

योगेश राज द्वारा कराई एफआईआर में दो नाबालिगों के नाम हैं जिनकी उम्र 11 और 12 साल है। पुलिस ने योगेश राज की शिकायत पर सात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर लिया। एक नाबालिग बच्चे के पिता का कहना है कि उनको पुलिस थाने ले गई है और परेशान कर रही है। पुलिस का कहना है कि उनके बेटे के खिलाफ गोकशी में FIR दर्ज हुई है। आरोपी बच्‍चे के पिता ने बताया कि इस मामले में दूसरा नाबालिग आरोपी उनका भतीजा है। 

उन्‍होंने बताया कि दोनों की उम्र क्रमश: 11 और 12 साल है। पुलिस उन्‍हें परेशान कर रही है। 4 घंटे तक उन्‍हें थाने में बैठाया रखा जबकि उनके बच्चे बेकसूर हैं। आरोपी बच्‍चे के पिता ने कहा कि उनके बेटे के नाम का ही एक और बच्‍चा गांव में है जिसकी उम्र उनके बेटे से भी कम है। उन्‍होंने दोनों बच्‍चे का आधार कार्ड भी दिखाया है। उधर, इस मामले में सयाना पुलिस कुछ भी कहने से बच रही है। उसका कहना की जांच के बाद ही सही बात सामने आएगी।

योगेश राज की शिकायत पर सोमवार को 7 गोकशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। योगेश राज ने सोमवार को स्‍याना पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि वह अपने कुछ साथियों के साथ सोमवार सुबह करीब नौ बजे गांव महाब के जंगलों में घूम रहा था। इसी दौरान उसने नयाबांस के आरोपी गोतस्‍कर सुदैफ चौधरी, इलियास, शराफत, परवेज, (दो नाबालिग) और सरफुद्दीन को गोवंशों को कत्ल करते हुए देखा। 

इसके बाद उन्‍होंने शोर मचा दिया और आरोपी भाग निकले। पुलिस ने योगेश राज की शिकायत पर सात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर लिया। फिलहाल हिंसा मामले का मुख्य आरोपी और गोकशी की शिकायत दर्ज कराने वाला योगेश राज फरार बताया जा रहा है और चार आरोपी पकड़ लिए गए हैं। 

बाकी ख़बरें