यूपी : 'जय श्री राम' न बोलने पर मुस्लिम नाबालिग लड़के पर हमला, किशोर बुरी तरह घायल

Written by sabrang india | Published on: April 19, 2025
कानपुर के सरसौल इलाके में 13-14 साल के एक नाबालिग मुस्लिम लड़के पर लड़कों के एक समूह ने 'जय श्री राम' का नारा लगाने से इनकार करने पर हमला किया जिसमें बुरी तरह घायल हो गया।


घायल किशोर ; फोटो साभार : अमर उजाला

'जय श्री राम' का नारा लगाने से इनकार करने पर लड़कों के एक समूह ने करीब 13-14 साल के एक नाबालिग मुस्लिम लड़के पर हमला कर दिया, जिसमें वह बुरी तरह घायल हो गया।

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना कानपुर के महाराजपुर पुलिस सर्किल के सरसौल इलाके में हुई। आरोपियों ने कथित तौर पर मुस्लिम लड़के पर कांच से हमला किया और हमले के दौरान कांच का टुकड़ा उसकी जांघ में घुसा दिया। घटना के संबंध में पीड़ित के दादा ने औपचारिक प्राथमिकी दर्ज कराई है।

यह घटना गुरुवार शाम को उस समय हुई जब सरसौल में रहने वाला पीड़ित खरीदारी के लिए बस स्टॉप की ओर जा रहा था। रिपोर्ट के अनुसार, इलाके के ही एक अन्य किशोर ने दो अन्य लोगों के साथ मिलकर उसका रास्ता रोका। उन्होंने जोर देकर कहा कि वह उनके सामने झुके और उसके मना करने पर उसे 'जय श्री राम' कहने के लिए मजबूर किया।

पीड़ित ने कहा कि उसे अक्सर इस तरह की घटनाओं का सामना करना पड़ता है और न मानने पर उसे हिंसा का सामना करना पड़ता है। उस शाम, उन्होंने फिर से उसका रास्ता रोका, धार्मिक वाक्य बोलने पर जोर दिया और बात मानने को कहा। उसके मना करने पर आरोपियों ने हिंसक तरीके से हमला किया। इस हमले में उसके बाएं पैर पर कांच के टुकड़े घुस गए, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया।

घटना के बाद, पीड़ित के परिवार ने महाराजपुर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई, जहां अधिकारियों ने संबंधित बीएनएस धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। एसीपी, चकेरी, सुमित रामटेक ने पुष्टि की कि जांच जारी है और आगे की कार्रवाई शिकायत के आधार पर की जाएगी।

बता दें कि यह कोई अकेली घटना नहीं है जब मुस्लिम से जय श्री राम बोलने को मजबूर किया जाता है। कुछ दिन पहल मध्यप्रदेश के रतलाम में इसी तरह की घटना सामने आई जहां एक युवक ये नारा बोलने के लिए मजबूर किया गया।

ऑल्ट न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, सोशल मीडिया पर एक मार्मिक वीडियो शेयर किया गया जिसमें एक व्यक्ति तीन नाबालिग लड़कों की पिटाई कर रहा है। वीडियो में, हमलावर (जो खुद भी एक नाबालिग ही लग रहा है) दूसरों को मारते हुए अपशब्द कह रहा है, आरोप है कि वो धूम्रपान कर रहे थे।

घटना एक महीने से भी पहले मध्य प्रदेश के रतलाम में अमृत सागर तालाब के पास हुई थी, ज़ल्द ही ये सांप्रदायिक हो गई।

हाल ही तमिलनाडु के राज्यपाल आरएन रवि ने एक समारोह में जय श्री राम के नारे बोले जिससे राजनीति गरमा गई। नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि संवैधानिक पद पर होते हुए उन्हें धार्मिक बयानों से दूर रहना चाहिए।

Related 

भाषाई विविधता को बढ़ावा: सुप्रीम कोर्ट ने नगर निगम के साइनबोर्ड पर उर्दू को बरकरार रखा

बाकी ख़बरें