पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा ने कहा- नरेंद्र मोदी को मत देना माफी...

Written by Sabrangindia Staff | Published on: November 1, 2018
गुजरात के जूनागढ़ जिले के वनथाली में किसानोंकी एक रैली को संबोधित करते हुए वाजपेयी सरकार में केंद्रीय मंत्री रह चुके यशवंत सिन्हा ने अपील की कि 2019 में मोदी सरकार को उखाड़ फेंके और उन्हें माफ न करें. 



पूर्व भाजपा नेता ने कहा, जनता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को माफ नहीं करना चाहिए और 2019 के लोकसभा चुनाव में उनकी सरकार को उखाड़ फेंकना चाहिए. सिन्हा ने कहा, यह सरकार सभी मोर्चों पर नाकाम रही हैं. हर कोई परेशान है, चाहे वह किसान हो, युवा हों, महिलाएं हों या दलित हों. केवल नए नारे दिए जा रहे हैं. इसका एकमात्र समाधान अगले चुनावों में इस सरकार को उखाड़ फेंकना है.

सिन्हा ने आगे कहा, मैं माफी मांगना चाहता हूं क्योंकि 2014 के आम चुनावों से पहले उस समय भाजपा का हिस्सा था, जब दावे किए जा रहे थे. लेकिन मैं नहीं चाहता कि आप अगले चुनावों में उन्हें माफ करें.

इस दौरान वहां पर भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा भी मौजूद थे. उन्होने भी पार्टी पर निशाना साधा. शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, मैं किसी निजी फायदे के लिए राजनीति में नहीं आया. यदि मेरी पार्टी कल मुझे बर्खास्त करती है तो मैं शिकायत नहीं करुंगा. मैं देश के लोगों को अपनी पार्टी से ज्यादा प्यार करता हूं.

इससे पहले पूर्व वित्त मंत्री सिन्हा ने मोदी सरकार पर देश के सभी संस्थानों को बर्बाद करने का आरोप भी लगाया. सिन्हा ने ट्वीटर पर लिखा था कि सीबीआई के बाद अब आरबीआई की बारी है. सरकार देश के सभी संस्थानों को तबाह करने पर तुली हुई है. अब सही समय है कि लोग इन संस्थानों पर हो रहे सर्जिकल स्ट्राइक के खिलाफ खड़े हों. 

बाकी ख़बरें