गुजरात में कोरोना को लेकर क्या हो रहा है

Written by Ravish Kumar | Published on: April 20, 2020
लाइव मिंट की रिपोर्ट के अनुसार 19 अप्रैल की शाम पांच बजे तक 332 नए केस सामने आए हैं। कुल मामलों की संख्या 1604 हो गई है और मरने वालों की संख्या 58। अहमदाबाद ज़िले में संक्रमित मामलों की संख्या 1000 के करीब हो गई है। गुजरात में अभी तक 29,000 से कुछ अधिक टेस्ट हुए हैं। यहां पर 16 लैब हैं। 23 मार्च तक गुजरात में कोरोना के संक्रमित मामलों की संख्या 30 ही थी।



अहमदाबाद के नगर आयुक्त विजय नेहरा ने कहा है कि शहर में कोरोना के संक्रमण का गंभीर खतरा है। यहां 6000 लोग विदेशों से आए हैं। अहमदाबाद में दस लाख की आबादी पर 2490 टेस्ट हो रहे हैं। निगम आयुक्त ने इसे देश भर में सबसे अधिक बताया है। दिल्ली में दस लाख की आबादी पर 1103 टेस्ट हुए हैं।

जब राहुल गांधी सवाल उठाते हैं कि भारत दस लाख की आबादी पर बहुत कम टेस्ट कर रहा है तब सरकार इसका सीधा जवाब नहीं देती लेकिन अहमदाबाद के नगर आयुक्त अपनी वाहवाही के लिए इसी डेटा को सामने रखते हैं कि दस लाख की आबादी पर उनका शहर देश में सबसे आगे हैं।

18 अप्रैल की खबर है कि सर्जरी डिपार्टमेंट में डाक्टरों को PPE किट वगैरह न होने के कारण एल जी अस्पताल के 7 डाक्टर और नर्स संक्रमित हो गए। गुरुवार को मरीज़ों के टेस्ट की व्यवस्था न होने के कारण एक मरीज़ का आपरेशन करते वक्त 3 डाक्टर और एक नर्स संक्रमित हो गए। शुक्रवार को इसी तरह के मामले में चार डाक्टर और एक सफाईकर्मी संक्रमित हो गए। इस कारण अस्पताल को 30 डाक्टर और स्वास्थ्यकर्मियों को क्वारिंटिन पर भेजना पड़ा है। उन सभी का टेस्ट पोजिटिव है। इसी तरह का मामला अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में हुआ था। एक मरीज़ का आपरेशन हुआ. बाद में उसका टेस्ट पोज़िटिव आ गया। उस टीम में आठ डाक्टर,नर्स और दूसरे स्टाफ थे। किसी का भी टेस्ट पोज़िटिव नहीं आया।

गुजरात को केंद्र सरकार की तरफ से 24000 रैपिड टेस्टिंग किट की पहली खेप मिल गई है। छोटा उदयपुर में 60 बिस्तरों का अस्थायी अपस्पताल 4 दिनों में बनाया गया है।

गुजरात में ग़रीबी रेखा से ऊपर यानि APL कार्ड धारकों की संख्या 60 लाख है। इन सभी को एक महीने का राशन फ्री मिलेगा। 13 अप्रैल से बंटने लगा है। 20 अप्रैल से राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा के तहत 66 लाख कार्ड धारकों के खाते में 1000 रुपये दिए जाएंगे। राज्य के 40 लाख किसानों के खाते में 2000 रुपये जमा हो गए हैं।

गुजरात को लेकर ख़ास जानकारियां नहीं मिलीं। हो सकता है गुजराती समाचारों में बहुत कुछ हो। गुजराती पढ़ नहीं सकता हूं। अहमदाबाद मिरर, इकोनमिक टाइम्स, टाइम्स आफ इंडिया और गुजरात सरकार के अंग्रेजी के कुछ ट्विट्स से यही कुछ जानकारी मिली है। संक्रमित मरीज़ों और मृतकों की संख्या में लगातार बदलाव होते रहते हैं।

बाकी ख़बरें