पश्चिम बंगाल में आदिवासी महानायक बिरसा मुंडा का अपमान कर बैठे अमित शाह!

Written by Sabrangindia Staff | Published on: November 7, 2020
नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री और पूर्व बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह शुक्रवार को आदिवासी महानायक बिरसा मुंडा का अपमान कर बैठे। इस बात को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। 



अमित शाह दो दिनों के बंगाल दौरे पर हैं। दौरे के पहले दिन गुरुवार को आदिवासियों को लुभाने की इस कोशिश में शाह का पहला कार्यक्रम बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर फूल चढ़ाने का था लेकिन वहां मूर्ति को लेकर विवाद हो गया। जिस मूर्ति पर भाजपा के नेतागण फूल माला चढ़ाने जा रहे थे, वह दरअसल बिरसा मुंडा की प्रतिमा नहीं थी बल्कि एक आदिवासी नेता की प्रतिमा थी। इसके बाद बीजेपी नेताओं ने जो किया उसपर विवाद हो रहा है

दरअसल जैसे ही गलत मूर्ति पर माल्यार्पण की भनक लगी तो भाजपा के नेताओं ने आनन-फानन में बिरसा मुंडा की तस्वीर मंगवाई और उस मूर्ति के नीचे पैरों के पास रखकर उस पर फूल माला चढ़ाई गई।

कार्यक्रम के बाद अमित शाह ने ट्वीट किया, "आज पश्चिम बंगाल के बांकुरा में प्रसिद्ध आदिवासी नेता भगवान बिरसा मुंडा जी को पुष्पांजलि अर्पित की। बिरसा मुंडा जी का जीवन हमारे आदिवासी बहनों और भाइयों के अधिकारों और उत्थान के लिए समर्पित था। उनका साहस, संघर्ष और बलिदान हम सभी को प्रेरित करते रहेंगे।"



इस मामले पर आदिवासी नेताओं के एक संगठन- भारत जकात माझी परगना महल ने कहा है कि गुरुवार की घटना से आदिवासी समाज खुद को ठगा हुआ और व्यथित महसूस कर रहा है। संगठन ने इसे बिरसा मुंडा का अपमान बताया है। आज, स्थानीय आदिवासी समुदाय के लोगों ने कथित तौर पर मूर्ति को "शुद्ध" करने के लिए गंगा जल छिड़का।

इस मामले पर तृणमूल कांग्रेस पार्टी ने शाह को बाहरी करार देते हुए सुबह ट्वीट किया है, "केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बंगाल की संस्कृति से इतने अनभिज्ञ हैं कि उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा को एक गलत मूर्ति की माला पहनाकर अपमानित किया और उनकी तस्वीर को किसी और के पैर में रख दिया। क्या वह कभी बंगाल का सम्मान करेंगे?" 





बता दें कि आजादी की लड़ाई में बिरसा मुंडा की 25 साल की उम्र में हत्या कर दी गई थी। आदिवासी समुदाय उन्हें महानायक के रूप में याद करता है। 

Related:

अमित शाह पर तबलीगी जमात के जरिए कोरोना वायरस फैलाने का आरोप
संसद के जरिए जनता को गुमराह कर रहे हैं अमित शाह- रिहाई मंच
दिल्ली पुलिस का बचाव क्यों कर रहे हैं अमित शाह ?
बंगाल में अमित शाह की सभा में लगे ...गोली मारो के नारे, 3 भाजपाई गिरफ्तार
 

बाकी ख़बरें