SIR: कर्नाटक की मतदाता सूचियों में हजारों माता-पिता अपने बच्चों से कम उम्र के पाए गए

Written by sabrang india | Published on: November 27, 2026
अंतिम SIR मतदाता सूचियों में 17,000 से ज्यादा प्रविष्टियों (entries) में माता-पिता की उम्र उनके बच्चों से कम या उनके बराबर दर्ज है। इसके अलावा हजारों ऐसे मामले भी हैं, जहां माता-पिता और बच्चों की उम्र के बीच 15 साल से भी कम का अंतर है। ये ऐसी गड़बड़ियां हैं, जिनकी पहचान करने और उन्हें सुधारने के लिए ही SIR को लाया गया था।



कर्नाटक की अंतिम मतदाता सूची में एक 70 साल के व्यक्ति को “59 साल के व्यक्ति का बेटा” बताया गया है। एक अन्य मामले में 40 साल के एक व्यक्ति को दूसरे 40 साल के व्यक्ति का पिता बताया गया है और दोनों एक ही पते पर दर्ज हैं।

द हिंदू की रिपोर्ट के अनुसार, ये उन मामलों में से हैं, जहां मतदाता सूची में माता-पिता की उम्र अपने बच्चे से कम है, या उनके बराबर है, या फिर उनके और बच्चे के बीच उम्र का अंतर “15 साल से कम” है। 'द हिंदू' ने अपने विश्लेषण में ऐसी 17,000 से ज्यादा प्रविष्टियां (entries) पाई हैं।

BBMP दक्षिण जिले के रहने वाले कृष्णोजी की उम्र 59 साल बताई गई है, जबकि उनके बेटे गौतम की उम्र 70 साल है। दोनों का नाम गोविंदराजनगर विधानसभा क्षेत्र के पोलिंग स्टेशन 180 में एक ही घर के नंबर पर दर्ज है। बीदर के औराद विधानसभा क्षेत्र में मल्लप्पा और उनके बेटे रमेश, दोनों की उम्र 40 साल बताई गई है। वे एक ही घर और एक ही पोलिंग स्टेशन पर दर्ज हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी (कर्नाटक) की वेबसाइट पर प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची के विश्लेषण से पता चला है कि ये गड़बड़ियां पूरे राज्य में फैली हुई हैं। इनमें सबसे ज्यादा मामले रायचूर, कलबुर्गी और यादगीर में हैं। रायचूर में ऐसी 1,960 प्रविष्टियां हैं, जबकि कलबुर्गी में 1,700 से ज्यादा हैं।

जिलेवार आंकड़ों से यह भी पता चलता है कि पूरे कर्नाटक में कम से कम 2,200 मामलों में पिता को अपने बच्चे से “एक से पांच साल छोटा” बताया गया है। उदाहरण के लिए, कलबुर्गी में बरमन्ना की उम्र 45 साल बताई गई है, जबकि उनके बेटे गुंडप्पा की उम्र 50 साल है। दोनों का नाम जेवर्गी विधानसभा क्षेत्र में एक ही पते पर दर्ज है। हजारों अन्य मामलों में माता-पिता और बच्चे के बीच उम्र का अंतर 15 साल से कम है। 'द हिंदू' ने पाया कि कम से कम 5,100 मामलों में यह अंतर 6 से 10 साल के बीच था और 3,000 अन्य मामलों में यह 1 से 5 साल के बीच था। उदाहरण के लिए, बल्लारी के एक मतदाता हुच्चप्पा की उम्र 76 साल बताई गई है, जबकि उनके बेटे एरन्ना की उम्र 69 साल है। दोनों का नाम काम्पली विधानसभा क्षेत्र के एक ही पते पर दर्ज है।

तार्किक विसंगति

यह ध्यान रखना महत्वपूर्ण है कि “माता-पिता और संतान के बीच 15 साल से कम का उम्र का अंतर” उन नौ तार्किक विसंगतियों में से एक था, जिनकी पहचान कर्नाटक में SIR के दौरान की गई थी। राज्य भर में 43 लाख से अधिक लोगों को इन नौ तरह की तार्किक विसंगतियों के संबंध में नोटिस भेजे गए और उनसे अपनी जानकारी की सटीकता साबित करने के लिए सुनवाई में शामिल होने को कहा गया।

अंतिम SIR सूची में 17,000 से अधिक ऐसे मामले हैं, जिनमें माता-पिता की उम्र अपने बच्चों से कम या उनके बराबर बताई गई है। इसके अलावा हजारों अन्य मामलों में माता-पिता और बच्चों के बीच उम्र का अंतर 15 साल से कम है।

अधिकारियों ने पहले कहा था कि “माता-पिता और संतान के बीच 15 साल से कम का उम्र का अंतर” अस्वाभाविक है और यह आधार जैसे दस्तावेजों में जन्म तिथि से जुड़ी गलतियों की ओर इशारा कर सकता है। SIR के दौरान ऐसी गलतियों की पहचान करने और उन्हें सुधारने के लिए इस मानदंड को शामिल किया गया था। जिन लोगों में यह विसंगति पाई गई, उन्हें (अन्य लोगों के साथ) सुनवाई में पेश होने और अपनी जानकारी को सही साबित करने के लिए कहा गया था। हालांकि, अंतिम सूची के विश्लेषण से पता चलता है कि उम्र के ऐसे अंतर वाले हजारों मामले अभी भी इसमें मौजूद हैं।

'द हिंदू' ने कुछ मामलों के उदाहरण CEO कार्यालय को भेजे हैं, जिस पर कार्यालय ने कहा है कि वह इनकी जांच करेगा।

Related

वाराणसी: 378 बूथों पर अब तक नहीं मिला एक भी फॉर्म-6, अजगरा में सबसे ज्यादा 115

महाराष्ट्र के भुसावल विधानसभा क्षेत्र में फॉर्म-7 के तहत दर्ज 14,567 आपत्तियों में से केवल 74 ही वैध पाई गईं

बाकी ख़बरें