कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने कहा- चुनाव के जरिये होना चाहिए कांग्रेस के अध्यक्ष का चयन

Written by Sabrang India Staff | Published on: July 29, 2019
कांग्रेस सांसद और पार्टी के वरिष्ठ नेता शशि थरूर का मानना है कि कांग्रेस के नए अध्यक्ष के चयन के लिए चुनाव होना चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘इस पद पर आवेदन के लिए पार्टी के हर स्तर के कार्यकर्ता को मौका मिलना चाहिए। साथ ही जो सबसे योग्य हो उसे चुना जाना चाहिए। ऐसा होने से पार्टी में विश्वसनीयता को बढ़ावा मिलेगा।’



शशि थरूर ने आगे कहा कि पार्टी अध्यक्ष के अभाव में कांग्रेस में एक ‘खालीपन’ सा गया है। इसे खत्म करना बेहद जरूरी है। उनका यह भी कहना है, ‘दो-तीन महीने के दौरान इस प्रक्रिया के जरिये जब तक नया अध्यक्ष चुना जाता है तब तक के लिए अंतरिम अध्यक्ष की व्यवस्था की जा सकती है।’

इससे पहले लोकसभा के पिछले चुनाव में कांग्रेस के निराशाजनक प्रदर्शन के मद्देनजर राहुल गांधी ने बीती मई में पार्टी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। लेकिन कांग्रेस वर्किंग कमेटी (सीडब्ल्यूसी) ने औपचारिक तौर पर उनके इस्तीफे को स्वीकार कर लिए जाने की घोषणा नहीं की है। हालांकि बीते दिनों राहुल गांधी ने खुद ही एक ट्वीट के जरिये खुद के कांग्रेस अध्यक्ष से इस्तीफा दे देने और पार्टी का मुखिया न होने की बात कही थी। साथ ही सीडब्ल्यूसी से पार्टी का नया अध्यक्ष चुनने का आग्रह भी किया था।

इधर, राहुल गांधी फिलहाल विदेश यात्रा पर हैं। साथ ही आगामी गुरुवार को उनके स्वदेश लोटने की संभावना है। माना जा रहा है कि उनकी वापसी के बाद सीडब्ल्यूसी उनके साथ बैठक करेगी और फिर पार्टी का नया अध्यक्ष चुना जाएगा।

बाकी ख़बरें