महिला बाल विकास अधिकारी रेप के आरोप में गिरफ्तार

Written by Mahendra Narayan Singh Yadav | Published on: August 6, 2018

मध्यप्रदेश को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के शासन में बलात्कार की घटनाओं में हुई भारी बढ़ोतरी के कारण रेप स्टेट कहा जाने लगा तो भाजपा के नेता इसे प्रदेश की जनता का अपमान बताने लगे हैं, दूसरी ओर सरकार के वे अधिकारी तक बलात्कार के मामलों में शामिल हो रहे हैं जिन पर महिलाओं के विकास की जिम्मेदारी है।
 

rape Accused
Image Courtesy: https://naidunia.jagran.com


अभी ग्वालियर में सांसद प्रभात झा का करीबी अनूप करोसिया बलात्कार के मामले में गिरफ्तार हुआ ही है कि डिंडोरी जिले में एक महिला बाल विकास अधिकारी भी बलात्कार के मामले में पकड़ा गया है।

इस दुष्कर्मी महिला बाल विकास अधिकारी का नाम मनोज लारोकर है। समनापुर थाने में एक 40 वर्षीय महिला के साथ ये अधिकारी पिछले 4 माह से बलात्कार कर रहा था। दुष्कर्मी अधिकारी ने महिला को आंगनवाड़ी में नौकरी लगाने का झांसा दिया था और उसके साथ लगातार बलात्कार कर रहा था।

महिला ने इसकी शिकायत पुलिस से की। शिकायत में मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप महिला बाल विकास अधिकारी पर लगाया गया है।

नईदुनिया में छपी खबर के मुताबिक, पीड़ित महिला ने कहा है कि वह 6 माह से आरोपी अधिकारी के यहां खाना बनाने का काम कर रही थी। अधिकारी ने सबसे पहले 1 अप्रैल 2018 को नौकरी का लालच देकर उसके साथ बलात्कार किया। उसके बाद वह अक्सर उसके साथ बलात्कार करने लगा और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने लगा। 19 जुलाई को उसने महिला की पिटाई की और उसका सिर दरवाजे पर पटक दिया। इसके बाद महिला ने थाने जाकर शिकायत की।

मामला दर्ज करने के बाद जाँच की गई और फिर बलात्कार के आरोपी महिला बाल विकास अधिकारी मनोज लारोकर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
 

बाकी ख़बरें