केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री एमजे अकबर ने दिया इस्तीफा, 20 महिलाओं ने लगाया है यौन शोषण का आरोप

Written by Sabrangindia Staff | Published on: October 17, 2018
मी टू अभियान के तहत यौन शोषण के आरोपों के बीच घिरने के बाद एम जे अकबर ने केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया है. अकबर ने अपना इस्तीफा प्रधानमंत्री कार्यालय को भेजा है. इस्तीफा देने के बाद एमजे अकबर ने कहा कि वह न्याय के लिए व्यक्तिगत लड़ाई लड़ते रहेंगे. उन्होने प्रधानमंत्री मोदी और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का भी आभार जताया. बता दें कि अकबर पर बीस महिलाओं ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है. 



#MeToo अभियान के तहत अभी तक 20 महिला पत्रकारों ने एमजे अकबर के ऊपर यौन शोषण का आरोप लगाया है. अकबर पर ये सभी मामले 10 से 15 साल पुराने हैं, जब अकबर मीडिया जगत से जुड़े हुए थे. एमजे अकबर ने मामले में सबसे पहले आरोप लगाने वाली प्रिया रमानी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा भी दर्ज किया हुआ है, मुकदमा लड़ने के लिए उन्होंने करांजावाला लॉ फर्म की मदद ली है. 

अकबर ने आपराधिक मानहानि की धारा IPC 499, 500 के तहत प्रिया रमानी के खिलाफ केस दायर किया है. इस धारा के तहत दोषी पाए जाने पर दो साल तक की सज़ा का प्रावधान है. अकबर ने कोर्ट में दिए अपनी याचिका में कहा कि इससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचा है. 

बाकी ख़बरें