इंदौर: बलात्कारी और ठग निकला तांत्रिक

Written by Mahendra Narayan Singh Yadav | Published on: July 19, 2018
तंत्र-मंत्र के नाम पर दुष्कर्म करने वाला एक और तांत्रिक इंदौर में पकड़ा गया है। ढोंगी तांत्रिक जगदीश को धोखाधड़ी और दुष्कर्म समेत कई आरोपों में महेश्वर से गिरफ्तार किया गया है। तांत्रिक के खिलाफ 10 पीड़ितों ने शिकायत की थी जिसके बाद एमआईजी पुलिस ने उसे महेश्वर से गिरफ्तार किया।


 
टीआई तहजीब काजी ने नईदुनिया को बताया कि ठग जगदीश पांच साल पहले नेहरू नगर में रहने आया था। झाड़फूंक और तंत्र विद्या के कारनामे दिखाकर उसने  नेहरू नगर निवासी एक महिला और उसके पति को अपना भक्त बना लिया था। खुद पर वो जिन्न सवार होने का दावा करके कई और भोले-भाले लोगों को वश में कर लेता था।

तांत्रिक ने शिकायतकर्ता महिला और उसके पति को उनकी सात पीढ़ियों के पाप खत्म करने का झांसा देकर लूटना शुरू किया और उनके ज़ेवर तथा मकान बिकवा दिए। पीड़िता को वह अपनी बेटी मानने लगा था, लेकिन पूरी तरह से काबू में करने के बाद तांत्रिक के मन का दुराचारी जाग गया और वह पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देकर पिछले दो साल से उसके साथ दुष्कर्म भी करने लगा था।

मामले की जांच के दौरान ठग बाबा जगदीश के खिलाफ दस पीड़ितों ने बयान दिए। सभी से उसने 50 से 60 लाख रुपए ठगे हैं। लोगों को प्रभावित करने के लिए भक्तों के पैसों से ही कई बार भागवत कथा और कव्वाली के कार्यक्रम भी कराता रहता था और इनके जरिए नए-नए लोगों को फंसाता रहता था। ठगी से कमाए रुपयों से जगदीश ने कई एकड़ जमीन भी खरीद ली है।
 

बाकी ख़बरें