सिंघु बॉर्डर पर पकड़ा गया संदिग्ध बोला: 26 जनवरी को चार किसान नेताओं को गोली मारने का आदेश था

Written by Sabrangindia Staff | Published on: January 23, 2021
नई दिल्ली। दिल्ली-हरियाणा सिंघु बॉर्डर पर शुक्रवार रात में किसानों ने सनसनीखेज खुलासे किए। सिंधु बॉर्डर पर किसान नेताओं ने दावा किया कि उन्होंने एक शूटर को पकड़ा है। कथित शूटर के चेहरे पर नकाब लगाकर उसे मीडिया के सामने लाया गया। किसानों ने जानकारी दी कि यह शूटर बड़ी वारदात को अंजाम देने वाला था। पकड़े गए शूटर ने मीडिया के सामने दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए।



पकड़े गए शूटर ने दावा किया कि 26 तारीख को किसान ट्रैक्टर रैली में वह गोली चलाकर माहौल खराब करने वाला था। किसानों ने जिस शूटर को पकड़ा है उसने बताया कि 23 से 26 जनवरी के बीच किसान नेताओं को गोली मारी जानी थी और महिलाओं का काम लोगों को भड़काना था। शूटर ने कबूल किया कि उसने जाट आंदोलन में भी माहौल बिगाड़ने का काम किया है।

शूटर ने कहा कि 26 तारीख को चार लोग स्टेज पर होते, उनको गोली मारने को कहा गया था। इसके लिए चार लोगों की तस्वीर शूटर को दी गई थी। शूटर ने बताया कि जिसने ये सब जिसने सिखाया वो राइ थाने का एसएचओ प्रदीप है, जोकि हमेशा अपना चेहरा ढके रहता था। बाद में चार किसान नेताओं को गोली मारने की कथित साजिश का खुलासा करने वाले शख्स को पुलिस के हवाले कर दिया गया।

बता दें कि इससे पहले शाहीन बाग आंदोलन में भी गोली चलाने का मामला सामने आया था। इसका शूटर आंदोलनकारियों पर गोली चलाकर खुद ही पुलिस के पास भाग गया था। बाद में उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। इसी तरह की घटना 26 जनवरी को किसानों की प्रस्तावित ट्रैक्टर परेड में संभावित है। इस शूटर द्वारा पुलिस का नाम लिये जाने के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं कि किसके इशारे पर पुलिस किसान आंदोलन के खिलाफ साजिश रच रही है। 

बाकी ख़बरें