अखिलेश के पांडे और शिवपाल के मिश्रा ने चाचा भतीजे को भ्रष्ट बताकर बीजेपी का काम कर दिया

Written by Sabrangindia Staff | Published on: September 19, 2018
लखनऊ। अखिलेश यादव के प्रवक्ता पवन पांडे ने शिवपाल यादव को और शिवपाल यादव के प्रवक्ता दीपक मिश्रा ने अखिलेश यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। चाचा भतीजे के प्रवक्ताओं ने दोनों को कटघरे में खड़ा कर बीजेपी के लिए सहूलियत देने का काम कर दिया है। समाजवादी सेकुलर मोर्चा बनाने वाले शिवपाल यादव पर अब सपा मुखिया व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के करीबी पूर्व वन राज्यमंत्री तेज नारायण पांडेय उर्फ पवन पांडेय ने मंगलवार को प्रदेश का सबसे बड़ा कमीशनबाज मंत्री होने का आरोप जड़ा है। 



उन्होंने आरोप लगाया कि लोक निर्माण व सिंचाई समेत दर्जनों विभाग के मालिक रहे शिवपाल यादव के लिए कमीशन वसूली का काम उनके प्रमुख सचिव से लेकर एक्सईएन करते थे। बड़े ठेकेदारों व कारोबारियों के धंधे में उनका शेयर था।  

गौरतलब है कि दो दिन पहले यहां आए पूर्व मंत्री शिवपाल यादव ने पवन पांडेय पर अयोध्या के विकास के नाम पर कमीशन खाने के आरोप लगाया था। दो दिन बाद जवाब में सिविल लाइंस स्थित एक होटल में मंगलवार को पत्रकारों को बुलाकर पवन पांडेय ने आरोप लगाया कि प्रदेश के कई बड़े कारोबारियों से शिवपाल यादव के संबंध हैं। भाजपा से हाथ मिलाकर उन्होंने अखिलेश यादव को कमजोर करने के लिए नया मोर्चा बनाया है। कहा कि शिवपाल झूठ बोल रहे हैं कि नेताजी (मुलायम सिंह यादव) ने उन्हें मोर्चा बनाने को कहा है क्योंकि नेताजी ने समाजवादी पार्टी को खून-पसीने से खड़ा किया है। कहा कि अयोध्या का जितना विकास मेरा संकल्प था, उसे शत-प्रतिशत पूर्ण कराने में शिवपाल यादव बाधक बनते रहे। 

वहीं, समाजवादी सेकुलर मोर्चा के प्रवक्ता दीपक मिश्र ने कहा कि मोर्चे को मिल रहे व्यापक जनसमर्थन से विपक्षी दलों में बौखलाहट है। सपा का शीर्ष नेतृत्व तो संयोजक शिवपाल सिंह यादव की छवि को लगातार धूमिल करने की कोशिश कर रहा है जबकि, सच्चाई यह है कि शिवपाल यादव के प्रयासों से राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा को रोकने के लिए महागठबंधन बना था। इसमें पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा, पूर्व सांसद शरद यादव, राजद नेता लालू यादव और रालोद नेता अजित सिंह जैसे लोगों ने भी सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव को अपना अध्यक्ष मान लिया था। 

दीपक मिश्र ने कहा कि यादव सिंह मामले में किसने खुद की गर्दन बचाने के लिए भाजपा के एजेंट के रूप में समाजवादियों के बढ़ते कदमों को रोका। सपा वाले अगर बंगले, टोटी और होटलों की बात न करें तो बेहतर होगा। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के आरोप में बर्खास्त हो चुके फैजाबाद के स्थानीय नेता पवन पांडे ने शिवपाल यादव पर अनर्गल व तथ्यहीन आरोप लगाए हैं। पवन सरीखे नेता जब समाजवाद की दोहाई देते हैं, तो हंसी आती है। ये समाजवाद के आंतरिक शत्रु हैं। 

इस मामले पर वरिष्ठ पत्रकार दिलीप मंडल का कहना है कि दोनों नेताओं के प्रवक्ताओं ने अखिलेश यादव को जेल भिजवाने का काम कर दिया है। दिलीप मंडल कहते हैं, 'अखिलेश यादव के ‘करीबी’ सपा के बड़े नेता, पूर्व मंत्री पवन पांडे कह रहे हैं कि अखिलेश यादव के राज में मंत्री रहे शिवपाल यादव ने भारी भ्रष्टाचार किया। अखिलेश राज में ख़ूब कमीशन कमाया।

पांडे के इस बयान से अखिलेश यादव की छवि सुधरेगी या बिगड़ेगी? मुख्यमंत्री के नाक के नीचे कमीशनखोरी चलती रही और मुख्यमंत्री ने ये होने दिया? ये अखिलेश यादव को जेल भिजवाने वाला बयान है। अखिलेश यादव पता नहीं कब बड़े होंगे? पांडे को सपा प्रवक्ता पद से हटाना चाहिए। वे बीजेपी का काम कर रहे हैं।'


 

बाकी ख़बरें