अखिलेश यादव की नसीहत: मंदिर मुद्दे पर बोल भाजपा के पिच पर न खेलें समाजवादी, INDIA में सीट बंटवारे पर कोई पेच नहीं

Written by sabrang india | Published on: January 22, 2024
सपा अध्यक्ष ने कहा कि मंदिर मुद्दे पर बोलकर समाजवादी भाजपा के पिच पर न खेलें। इसके बजाय बेरोजगारी, महंगाई, अग्निवीर, कानून-व्यवस्था और किसानों की समस्याओं पर सरकार को घेरने में कोई कोर-कसर न छोड़ें। 



अमर उजाला की रिपोर्ट के मुताबिक, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को पूर्व विधायकों व सांसदों की बैठक में अपनी रणनीति समझाई। उन्होंने कहा कि मंदिर मुद्दे पर बोलकर समाजवादी भाजपा के पिच पर न खेलें। इसके बजाय बेरोजगारी, महंगाई, अग्निवीर, कानून-व्यवस्था और किसानों की समस्याओं पर सरकार को घेरने में कोई कोर-कसर न छोड़ें। इस बार मतदाता सूची में किसी तरह की गड़बड़ी न होने दें। कहीं किसी समर्थक का वोट कटा दिखे तो तत्काल उसे जुड़वाने के लिए वैधानिक प्रक्रिया शुरू करें।

प्रदेश पार्टी मुख्यालय पर शनिवार को हुई इस बैठक में अखिलेश ने इटावा में समाजवादियों की ओर से बनाए जा रहे केदारेश्वर महादेव मंदिर का वीडियो भी जारी किया। अखिलेश ने कहा कि हम सभी की अपने-अपने धर्म में आस्था है, लेकिन हम लोग इसको प्रचारित नहीं करते हैं। केदारेश्वर महादेव मंदिर पिछले करीब डेढ़ साल से बन रहा है। शीघ्र ही इसका काम पूरा हो जाएगा।

बैठक में उन्होंने 26 जनवरी के संविधान कार्यक्रम को सफल बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी वरिष्ठ समाजवादी नेता चुनाव प्रचार में जुटें। उनके जुटने से कार्यकर्ताओं के बीच आपसी मतभेद कम होंगे, जिसका लाभ पार्टी को मिलेगा।

भारत जोड़ो यात्रा पर हमले की अखिलेश ने की निंदा

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स के जरिये कहा कि लोकतांत्रिक भारत जोड़ो यात्रा पर भाजपा शासित राज्य असम में हुआ हमला बेहद निंदनीय है। हर तरह से हारती भाजपा अब पूरी तरह से निराश हो चुकी है, तभी हिंसा पर उतारू है। हिंसा मानसिक हताशा का भौतिक रूप होती है।

मायावती के खिलाफ न दें बयान

सूत्रों के मुताबिक, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बसपा प्रमुख मायावती के खिलाफ बयान न देने की नसीहत भी अपने नेताओं को दी।

I.N.D.I.A गठबंधन में सीट बंटवारे पर कोई पेच नहीं

नवभारत टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, सपा मुखिया अखिलेश यादव ने शनिवार को कहा कि I.N.D.I.A में सीटों के बंटवारे को लेकर कोई पेच नहीं है। कहा कि जल्द ही सीटों का बंटवारा हो जाएगा। सपा के पूर्व सांसद, विधायक और एमएलसी की बैठक के बाद सपा मुखिया ने कहा कि इस समय सवाल सीटों का नहीं, सीटों पर जीत का है। रालोद की तरह कांग्रेस से भी सीटें जल्द तय हो जाएंगी। I.N.D.I.A गठबंधन का जो प्रत्याशी जीतने लायक होगा, उसे लड़ाया जाएगा।

अखिलेश यादव ने कहा कि 23 जनवरी को मतदाता सूची प्रकाशित होगी। इसमें यह देखा जाएगा कि विधानसभा चुनाव की तरह इस बार भी कहीं हमारे समर्थक मतदाताओं के नाम तो नहीं कटवा दिए हैं। अगर कहीं ऐसा पाया जाएगा तो नाम जुड़वाने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के समाजवादी पार्टी गांव-गांव कार्यक्रम करके संविधान के बारे में बताएगी। इस दौरान जिन महापुरुषों ने देश को आजादी दिलाई उन्हें भी याद किया जाएगा।

भाजपा मैनेजमेंट में मास्टर

एक टीवी चैनल के कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने कहा, एक बड़े संत ने कहा कि भगवान कृष्ण की लोकप्रियता भगवान राम से ज्यादा है, लेकिन मैं भगवान श्रीकृष्ण में भगवान श्रीराम और भगवान श्रीराम में भगवान श्रीकृष्ण को देखता हूं। अयोध्या जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जब भगवान बुलाएंगे, तो जाऊंगा। अखिलेश यादव ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा मैनेजमेंट में मास्टर हो सकती है। बीजेपी का फोकस सिर्फ चुनाव पर रहता है। जनहित में भाजपा का कोई काम उसका दिखाई नहीं दे रहा है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा झूठे नारे देती है और झूठे वादे करती है। न तो पुराने नारे पूरे हुए और न उनके वादे पूरे हुए। अब झूठी गारंटी दे रही है।

Related:
अयोध्या राम मंदिर की पहेलियां: भगवान राम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा, लेकिन कौन सी?
बाबरी मस्जिद विध्वंस-राम जन्मभूमि मामले में फैसला देने वाले न्यायाधीशों को राम मंदिर उद्घाटन का निमंत्रण मिला

बाकी ख़बरें