बुलंदशहर: दलित युवक के शरीर पर दबंग ब्राह्मणों की गुंडई के निशान... पुलिस कार्रवाई नदारद

Written by Sabrangindia Staff | Published on: July 11, 2020
बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के अंतर्गत आने वाले ग्राम कुंवरपुर में दलित उत्पीड़न का मामला सामने आया है। थाना पहासू के ग्राम कुंवरपुर निवासी दलित किशोर को ब्राह्मण समुदाय के लोगों द्वारा बुरी तरह से पीटा गया है। किशोर की इतनी निर्ममता के साथ पिटाई की गई है कि उसकी पीठ व टांग से खाल उधड़ गई है। 



ब्राह्मणों की गुंडई व दबंगई के चलते पीड़ित किशोर का पिता रात में चुपके से निकलकर तहरीर देने थाने पहुंचा। मामला गुरूवार का है लेकिन अभी तक पुलिस की तरफ से कोई कार्रवाई होती नहीं दिखाई दे रही। 

पीड़ित के पिता ने सबरंग इंडिया को बताया कि उसके बेटे को कई लोगों ने बुरी तरह से लाठी सरिया व केबल से पीटा है। केबल से पिटाई के चलते उसके बेटे की खाल उधड़ गई है। इसके साथ ही पीड़ित पक्ष ने तहरीर में आरोप लगाया है कि उसे जातिसूचक गालियां भी दी गईं। शुक्रवार रात पुलिस ने उसके घर पहुंचकर कार्रवाई का आश्वासन दिया लेकिन तब तक प्राथमिकी भी दर्ज नहीं की गई थी।



पीड़ित के पिता ने आगे बताया कि आरोपी दबंगों को ग्राम प्रधान का भी आश्रय मिला हुआ है। ग्राम प्रधान भी ब्राह्मण जाति से संबंधित है ऐसे में वह आरोपियों के पक्ष में खड़ा हुआ है। 

समाचार लिखे जाने तक पीड़ित परिवार को पुलिस द्वारा कार्रवाई किये जाने का इंतजार है। पुलिस की तरफ से कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है। किशोर की हालत गंभीर है, वह बोलने की स्थिति में भी नहीं है। आरोपी दबंग हैं वे किसी का भी रास्ता लाठी के बल पर रोक देने के लिए कुख्यात हैं। ऐसे में पीड़ित को भी अपना रास्ता रोके जाने का खतरा मंडरा रहा है। 

बाकी ख़बरें