उत्तर प्रदेश में सपा के बाद कांग्रेस, रालोद और बसपा नेताओं को भी किया जा रहा नजरबंद!

Written by Navnish Kumar | Published on: December 8, 2020
लखनऊ। किसान आंदोलनकारियों द्वारा बुलाए गए भारत बंद से बौखलाई उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में समाजवादी पार्टी के साथ रालोद, कांग्रेस और बसपा आदि विपक्षी दलों के प्रमुख नेताओं को भी उनके घरों में नजरबंद किया जाने लगा है। 


सहारनपुर कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौधरी मुजफ्फर अली अपने घर पर नजरबंद

अलग अलग जिलों से आ रही खबरों के अनुसार, सहारनपुर में बसपा जिला अध्यक्ष योगेश कुमार के आवास पर पुलिस ने सुबह से ही डेरा डाल दिया है। घर से बाहर निकलने की इजाजत नहीं दी जा रही है। सूरज निकलने से पूर्व ही बसपा जिलाध्यक्ष योगेश कुमार के आवास को पुलिस ने छावनी में तब्दील कर दिया और जिलाध्यक्ष योगेश कुमार को घर से बाहर निकलने की इजाजत नहीं दी जा रही है। उनको उन्हीं के आवास पर नजरबंद किया गया है।


सहारनपुर बसपा जिलाध्यक्ष योगेश कुमार हाउस अरेस्ट

कांग्रेस नेता इमरान मसूद, जिलाध्यक्ष मुजफ्फर अली, विधायक मसूद अख्तर व नरेश सैनी आदि नेताओं के घरों पर पुलिस लगा दी गई हैं। कांग्रेस ज़िला प्रवक्ता के अनुसार, उप्र सरकार ने गैर संवैधानिक व अलोकतांत्रिक ढंग से किसानों और जनता की आवाज को दबाने के लिए बड़े स्तर पर कांग्रेस नेताओ की गिरफ्तारी और उन्हें उनके घरों में नजरबंद करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। दमनकारी सरकारी नीतियों के चलते कांग्रेस जिला अध्यक्ष चौधरी मुजफ्फर अली के अलावा पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता काजी इमरान मसूद, विधायक नरेश सैनी, विधायक मसूद अख्तर, उत्तर प्रदेश पंचायत चुनाव समिति के सदस्य शशी वालिया आदि नेताओ को उनके घरों में नजरबंद किया गया है। मंगलवार को सुबह से ही जिलाध्यक्ष चौधरी मुजफ्फर अली के घर पर पुलिस बल को तैनात कर दिया गया और उन्हें उनके घर में ही नजरबंद कर दिया गया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौधरी मुजफ्फर अली ने इसे सरकार की दमनकारी नीति बताते हुए, अघोषित आपातकाल की स्थिति करार दिया है। 

उधर, बड़ौत में रालोद नेताओं के घरों को पुलिस ने दिन निकलते ही घेर लिया और उन्हें उनके घरों में ही नजरबंद कर दिया। पूर्व विधायक डॉ अजय तोमर, पूर्व विधायक वीरपाल राठी, पूर्व विधायक डॉ अजय कुमार के अलावा उत्तर प्रदेश व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष अरुण तोमर समेत दर्जनभर नेताओं को सुबह-सुबह उनके घरों में बंद कर दिया। उनके घरों के बाहर चारों ओर पुलिस लगी हुई है। पूर्व विधायक डॉ अजय तोमर ने बताया कि सुबह उठे तो उसके मकान के चारों ओर पुलिस का पहरा लगा हुआ था। पुलिस की कई गाड़ियां हैं। वहीं पूर्व विधायक वीरपाल राठी ने बताया कि उनके घर के चारों ओर पुलिस लगी हुई है। उन्हें बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा है।

बाकी ख़बरें