CAA Protest: इतिहासकार रामचंद्र गुहा, योगेंद्र यादव सहित कई प्रदर्शनकारी हिरासत में

Written by sabrang india | Published on: December 19, 2019
नागरिक संशोधन अधिनियम के खिलाफ देशभर में प्रदर्शन जारी हैं। इसी कड़ी में बेंगलुरू में प्रदर्शन कर रहे तीस लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। इतिहासकार रामचंद्र गुहा को भी हिरासत में लिया गया है। स्वराज इंडिया के योगेंद्र यादव भी दिल्ली से हिरासत में ले लिए गए हैं। यूपी के सभी जिलों में धारा 144 लागू है। इस बीच दिल्ली में 14 मेट्रो स्टेशन बंद कर दिये गए हैं। इन मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री एग्जिट बंद कर दिया गया है। 



ये स्टेशन हैं- जामिया मिल्लिया इस्लामिया, जसोला विहार, शाहीन बाग, मुनिर्का, लाल किला, जामा मस्जिद, चांदनी चौक और विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन हैं। वहीं इस कानून के विरोध में पटना में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF) के सदस्यों ने राजेंद्र नगर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रोक दी लखीसराय रेलवे स्टेशन पर CPI-M के कार्यकर्ता रेलवे ट्रैक को बंद कर इस कानून का विरोध कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी लाल झंडा थाम रेलवे लाइन पर बैठ गए हैं जिसके चलते रेल गाड़ियों का आना-जाना प्रभावित हो रहा है। 

बता दें कि नागरिकता (संशोधन) कानून के विरोध में देशभऱ से लोग सामने आ रहे हैं। प्रशासन की तरफ से दिल्ली की जामिया औऱ अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के छात्रों के विरोध प्रदर्शन पर भी रोक लगाने की कोशिश की गई जिसमें पुलिस ने आँसूगैस और लाठीचार्ज का सहारा लिया। छात्रों की बर्बरतापूर्वक पिटाई के बाद मामला औऱ बिगड़ता जा रहा है। हर वर्ग के लोग प्रदर्शन में शामिल हो रहे हैं। नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में नागरिकता बिल लाए जाने के बाद से ही विरोध प्रदर्शन चल रहे हैं। 

बॉलीवुड भी नागरिकता कानून को लेकर बंट गया है। बहुत सारे एक्टर और एक्ट्रेस इस कानून का विरोध कर रहे हैं। इसे सांप्रदायिक तौर पर बांटने वाला कानून बताया जा रहा है जो कि बिल्कुल साफ हो चुका है। इस बिल में भारत पाकिस्तान व बांग्लादेश से आए मुस्लिमों को छोड़कर हिंदू, सिख, इसाई, जैन और पारसियों को नागरिकता दिए जाने का प्रावधान है। सरकार देशभर में एनआरसी और सीएए लागू करने की बात कर रही है जबकि वह इसकी कटऑफ डेट तक क्लियर नहीं कर रही है। एनआरसी हुआ तो देश के प्रत्येक नागरिक को खुद की नागरिकता साबित करने के कागजात दिखाने होंगे। सरकार की इस मंशा को लेकर देशभऱ में उबाल है। 

दिल्ली में गुरुवार को दो विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। एक विरोध प्रदर्शन छात्रों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की ओर से आयोजित किया गया है जबकि दूसरा प्रदर्शन वामपंथी पार्टियों ने आहूत किया है। दिल्ली में लाल किला क्षेत्र के आसपास लागू निषेधाज्ञा का उल्लंघन करते हुए बृहस्पतिवार को सैकड़ों लोगों ने संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के विरोध में मार्च शुरू किया। इस दौरान लाल किला के पास से योगेंद्र यादव सहित सैकड़ों प्रदर्शनकारियों को पुलिस 17 बसों में भरकर ले गई।

 

बाकी ख़बरें