अखिलेश यादव से मुलाकात पर बोले तेजस्वी- भाजपा को हराने के लिए सपा-बसपा काफी हैं

Written by Sabrangindia Staff | Published on: January 15, 2019
लोकसभा चुनाव के लिए सरगर्मियां तेज हो गई हैं। उत्तर प्रदेश में महागठबंधन पर अब सभी की नजरे टिकी हैं। वहीं इस बीच  बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने को समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया अखिलेश यादव से मुलाकात की। तेजस्वी यादव लखनऊ आए हुए हैं और बसपा सुप्रीमो मायावती से मिलने के बाद उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश से मुलाकात की है।



अखिलेश यादव से मिलने के बाद तेजस्वी  ने कहा कि देश में अघोषित इमरजेंसी का माहौल है। आज देश में नौजवान बेरोजगार है। तेजस्वी ने कहा कि लालू जी ने जो कल्पना की थी, वह अब जाकर साकार हुई है। हमने अखिलेश और मायावती जी को बधाई दी है। जो अंग्रेजों के गुलाम रहे वो आज देश की सत्ता पर काबिज हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि संघ के एजेंडे पर आज संविधान से छेड़छाड़ हो रही है। उन्होंने कहा कि यूपी-बिहार से बीजेपी का सफाया तय है।

तेजस्वी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की 80, बिहार की 40 और झारखंड की करीब 14 सीटें अगर बीजेपी को मात देती हैं तो वह खुद ही 100 सीटों से कम पर पहुंच जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोगों ने बड़े-बड़े सपने दिखाने के काम किए, बिहार के चुनाव में बोली लगाई गई। लेकिन जो स्पेशल पैकेज का ऐलान किया गया, उसका कुछ नहीं हुआ।

तेजस्वी ने कहा कि मायावती और अखिलेश यादव ने जो कदम उठाया है, उससे देश नागपुरिया कानून से बच जाएगा। उन्होंने कहा कि सीबीआई-ईडी अब बीजेपी के पार्टनर हैं, लालू जी भी इसी वजह से जेल में हैं। कांग्रेस के गठबंधन में शामिल न होने पर उन्होंने कहा कि सबका मकसद बीजेपी को हराना है, लेकिन भाजपा को हराने के लिए सपा-बसपा ही काफी हैं।

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि तेजस्वी यादव ने गठबंधन करने के लिए जो बधाई दी है, उसके लिए धन्यवाद है। आज देश में किसान, नौजवान, व्यापारी सभी दुखी हैं। उन्होंने कहा, ‘आज यूपी में जो गठबंधन हुआ है, उससे पूरे देश में खुशी है। मुख्यमंत्री बीजेपी का संदेश देते हैं। वो कहते हैं कि ठोक दो। मुख्यमंत्री सांप-छछूंदर की भाषा का उपयोग करते हैं।

आम चुनाव के मद्देनजर उत्तर प्रदेश और बिहार को महत्वपूर्ण राज्यों में गिना जाता है। ऐसे में दोनों प्रदेशों के मुख्य विपक्षी नेताओं का मिलना एक नए समीकरण को हवा दे सकता है। तेजस्वी यादव ने रविवार को लखनऊ में बसपा सुप्रीमो मायावती के आवास पर उनसे मुलाकात की। ये मुलाकात करीब डेढ़ घंटे तक चली। बताया जा रहा है कि सपा-बसपा के इस गठबंधन में राजद भी शामिल हो सकता है और बसपा को बिहार में 1-2 सीटें दी जा सकती हैं।

मायावती से मुलाकात करने के बाद तेजस्वी यादव ने कहा था कि हम सबसे छोटे हैं इसलिए सभी का आशीर्वाद लेने आए हैं। तेजस्वी ने कहा कि लालू यादव जी की भी यही सोच थी कि उत्तर प्रदेश में भी महागठबंधन हो, जो अब हो रहा है।

बाकी ख़बरें