आर्थिक तंगी से परेशान वायुसेना के पूर्व कर्मचारी ने की खुदकुशी

Written by sabrang india | Published on: September 9, 2019
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक होटल में आत्महत्या का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आर्थिक तंगी से परेशान होकर वायुसेना के पूर्व कर्मचारी ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। मृतक ने जान देने की वजह देश में मंदी और भ्रष्टाचार को बताया है। साथ ही उसने पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम को इन हालात का जिम्मेदार ठहराया है। मृतक के पास से चार पन्ने का सुसाइड नोट भी मिला है। पुलिस ने घरवालों को सूचना देकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।



मृतक का नाम बिजन दास है और उनकी उम्र 55 साल बताई जा रही है। सुसाइड नोट में बिजन दास ने देश में मंदी के लिए पी चिदंबरम के भ्रष्टाचार को जिम्मेदार बताया है। उन्होंने अपने गायक बेटे के लिए पीएम नरेंद्र मोदी से मदद की गुहार लगाई है। साथ ही जिला प्रशासन से आग्रह किया कि शव को प्रयागराज में ही दफना दिया जाए। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

बिजन दास 6 सितंबर को किसी काम से असम से प्रयागराज पहुंचे। वह यहां के खुल्दाबाद इलाके में बने प्रयाग होटल में रुके। बिजन दास प्रयाग होटल के कमरा नबंर 214 में ठहरे थे। रात तक उन्हें कमरे में जाता देखा गया, लेकिन सुबह वो अपने कमरे से नहीं निकले। होटल के वेटर ने भी उन्हें सोया हुआ समझकर नहीं जगाया। फिर उसने शाम को होटल के मैनेजर को बताया और कूलर के पीछे से देखा तो उसे पंखे से लटकी हुई लाश दिखी। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने जांच की तो 4 पेज का सुसाइड नोट मिला।
 

बाकी ख़बरें