चौथे चरण में 9 राज्यों की 72 सीटों पर मतदान जारी, पश्चिम बंगाल में TMC-BJP कार्यकर्ताओं में झड़प

Written by sabrang india | Published on: April 29, 2019
नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में नौ राज्यों की 72 संसदीय सीटों पर मतदान जारी है। भाजपा और उसकी सहयोगी पार्टियों के लिए चुनावों का यह चरण काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि 2014 के लोकसभा चुनाव में इन 72 में से 56 सीटों पर उन्हें जीत मिली थी। बाकी बची 16 सीटों में से दो पर कांग्रेस को जीत मिली थी जबकि शेष सीटें तृणमूल कांग्रेस (छह) और बीजद (छह) जैसी विपक्षी पार्टियों के खाते में गई थी। 

सोमवार को महाराष्ट्र की 17, राजस्थान और उत्तर प्रदेश की 13-13, पश्चिम बंगाल की 8, मध्य प्रदेश एवं ओड़िशा की 6-6, बिहार की पांच और झारखंड की तीन सीटों पर मतदान चल रहा है। इसके अलावा, जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग लोकसभा सीट पर भी वोट डाले जा रहे हैं। 

अनंतनाग सीट पर तीन चरणों में मतदान कराया जा रहा है। राजस्थान और मध्य प्रदेश की कुल 54 सीटों पर मतदान की शुरुआत चौथे चरण से हुई है। साल 2014 में इन दोनों राज्यों की कुल 54 सीटों में से 52 पर भाजपा को जीत मिली थी। 

पिछले साल इन दोनों राज्यों की सत्ता में वापसी कर कांग्रेस ने अपनी स्थिति 2014 के मुकाबले काफी मजबूत कर ली है। लेकिन इस बार मोदी लहर सिरे से गायब नजर आ रही है व यूपी और बिहार में गठबंधन कड़ी टक्कर देता नजर आ रहा है।

वहीं दूसरी तरफ पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी और टीएमसी कार्यकर्ताओं में झड़प की खबर आ रही है। झड़प की घटना राज्य के आसनसोल में हुई है। दोनों पार्टियों के समर्थकों में आपस में लाठियां चली हैं। भाजपा उम्मीदवार बाबुल सुप्रियो की कार को तोड़ा गया है। 

इसके लिए बाबुल सुप्रियो ने टीएमसी पर आरोप लगाया है। पुलिस ने लाठीचार्ज करके दोनों पार्टियों के समर्थकों वहां से भगाया। हिंसा में कईयों के जख्मी होने की खबर है। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं कई मतदान केंद्रों पर वोटिंग रोक दी गई है।
 

बाकी ख़बरें