13 प्वाइंट रोस्टर के विरोध में प्रदर्शन कर रहे उपेंद्र कुशवाहा और समर्थकों पर लाठीचार्ज

Written by Sabrangindia Staff | Published on: February 2, 2019
13 प्वाइंट रोस्टर का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सवर्ण आरक्षण लागू करने और यूनिवर्सिटी में SC, ST, OBC आरक्षण को 13 प्वाइंट रोस्टर द्वारा निष्क्रिय करने के खिलाफ बहुजन समाज के लोग लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी सिलसिले में आज रालोसपा नेता उपेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व में पार्टी के सैकड़ों समर्थक राजभवन मार्च निकालने के लिए जुटे थे। इसी दौरान पुलिस ने उनपर लाठीचार्ज कर दिया।



मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक,  जेपी गोलंबर से आक्रोश मार्च राजभवन जाने के लिए निकला। डाक बंगला चौराहा पर प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को डाक बंगला चौराहा पर रोक दिया। इसके बाद आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे प्रदर्शनकारियों की झड़प पुलिस से शुरू हो गई।

इसके बाद पुलिस ने कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज शुरु कर दिया। जिसके जवाब में कार्यकर्ताओं ने पथराव शुरु कर दिया। इसके बाद स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया साथ ही लाठीचार्ज कर दिया। पुलिस की लाठी उपेंद्र कुशवाहा और उनके समर्थकों को लगी। कुशवाहा अपने समर्थकों के साथ कुछ देर के लिए सड़क पर बैठ गए। काफी कोशिश के बाद पुलिस प्रदर्शनकारियों पर काबू पा सकी।



उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि बिहार सरकार शिक्षा और गरीब विरोधी है। हमलोग शिक्षा में सुधार की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। जिला कलेक्टर को पहले ही सूचना दे दी थी कि मार्च निकालना है और महामहीम से मिलना है। कलेक्टर ने हमें कोई सूचना नहीं की। अगर रोकना था तो पहले बता देते। पुलिस ने हमलोगों को जबरदस्ती रोका। लाठीचार्ज किया। मेरे सिर पर चोट लगी है। हमलोग बिहार सरकार से दो-दो हाथ करने को तैयार हैं।

बाकी ख़बरें