शाहीन बाग: 69 दिन बाद खुला नोएडा-फरीदाबाद रोड, फिर बंद

Written by Sabrangindia Staff | Published on: February 21, 2020
दिल्ली के शाहीन बाग में 69 दिन से प्रदर्शन जारी है। इस बीच उत्तर प्रदेश पुलिस ने कालिंदी कुंज से फरीदाबाद और जैतपुर की तरफ जाने वाले रास्ते को थोड़ी देर के लिए खोल दिया था। इसके बाद यूपी पुलिस ने फिर रास्ते को बंद कर दिया। 15 दिसंबर से ही बंद यह रास्ता नोएडा के महामाया फ्लाईओवर से दिल्ली और फरीदाबाद की तरफ जाता है।



दरअसल, शुक्रवार सुबह कालिंदीकुंज से फरीदाबाद जाने वाली सड़क पर बस खराब हो गई। इस वजह से जाम लग गया। जाम को हटाने के लिए थोड़ी देर के लिए रास्ते को खोला गया था। इसके बाद फिर रास्ते को बंद कर दिया गया। हालांकि अभी टू-व्हीलर्स को जाने की इजाजत है।

इसके साथ ही शाहीन बाग की ओर से जाने वाली सड़क भी बंद है। रास्ते को खोलने की कोशिश के लिए सुप्रीम कोर्ट ने वार्ताकार नियुक्त हैं। दोनों वार्ताकार संजय हेगड़े और साधना रामचंद्रन दो दिन शाहीन बाग पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बात की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कहा था कि इस रास्ते को पुलिस ने जानबूझकर बंद किया है, वे आवागमन में कोई परेशानी नहीं पहुंचा रहे।

बता दें कि नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर (एनआरसी) के खिलाफ शाहीन बाग में 69 दिन से प्रदर्शन चल रहा है। इस वजह से कालिंदी कुंज से शाहीन बाग की ओर से जाने वाली सड़क बंद है। इसके अलावा महामाया फ्लाई ओवर से जैतपुर और फरीदाबाद की ओर जाने वाली सड़क को भी बंद कर दिया था। इसका असर डीएनडी पर दिखाई दे रहा था। 

सुप्रीम कोर्ट की ओर से नियुक्त वार्ताकारों ने प्रदर्शनकारियों से कहा कि लोगों का दुकान खोलना व रास्ते पर निकलना हक है। इस पर प्रदर्शनकारी महिलाओं ने कहा कि दो महीने से वे कड़ाके की सर्दियों में भी सड़क पर हैं इसके बावजूद सरकार उनकी बात सुनने को तैयार नहीं है। अगर यह प्रदर्शन कहीं और शिफ्ट किया गया तो सरकार तो बिल्कुल भी उनकी सुध नहीं लेगी। 

 

बाकी ख़बरें