उत्तराखंड में BJP को बड़ा झटका, पूर्व मुख्यमंत्री भुवनचंद्र खंडूरी का बेटा कांग्रेस में शामिल

Written by Sabrangindia Staff | Published on: March 16, 2019
लोकसभा चुनाव 2019 से पहले उत्तराखंड में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। यहां भाजपा के कद्दावर नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी के बेटे मनीष खंडूरी कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। 



बता दें कि भुवन चंद्र खंडूरी पौड़ी सीट से लोकसभा के सांसद हैं। उनकी इसी सीट पर मनीष खंडूरी को कांग्रेस से टिकट मिल सकता है। बताया जा रहा है कि भुवन चंद्र खंडूरी बीजेपी लीडरशिप से नाराज चल रहे हैं। खंडूरी पिछले कुछ महीनों पहले तक स्टैंडिंग कमेटी ऑफ डिफेंस के चैयरमेन थे। चैयरमेन के तौर पर उनका कार्यकाल आगे नहीं बढ़ाया गया था। यह विवाद का मुद्दा भी बना था और इस मसले को कथित तौर पर एक अहम रिपोर्ट से जोड़ा गया था, जो उन्होंने हथियारों के आधुनिकीकरण पर तैयार की थी।

आपको बता दें कि उत्तराखंड में पांच लोकसभा सीटें हैं। 2014 के लोकसभा चुनाव में इन सभी सीटों पर भारतीय जनता पार्टी ने जीत दर्ज की थी. उस वक्त राज्य में कांग्रेस की सरकार थी। इसके बाद 2017 में हुए विधानसभा चुनावों में बीजेपी ने जीत दर्ज की। उत्तराखंड में बीजेपी और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला होता है।

शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने देहरादून में एक रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने राफेल डील, बेरोजगारी, नोटबंदी समेत कई सवालों से प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा को घेरने की कोशिश की। इस दौरान मनीष खंडूरी भी मंच पर दिखे। 

बाकी ख़बरें