मोदी समर्थकों पर प्यार बरसा, नफरत करने वालों का दिल जीत ले गईं प्रियंका गांधी

Written by sabrang india | Published on: May 16, 2019
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गढ़ मानी जाने वाली वाराणसी लोकसभा सीट पर बुधवार को प्रियंका गांधी रोड शो कर सीधे सीधे पीएम मोदी को चुनौती देती दिखीं। एक समय ऐसा भी आया जब उन्हें विरोध का भी सामना करना पड़ा।

दरअसल प्रियंका गांधी वाड्रा का रोड शो काशी हिंदू विश्वविद्यालय के सिंहद्वार पर लगे मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा से प्रारंभ हुआ जो रविदास गेट होते हुए अस्सी, शिवाला, मदनपुरा होते हुए गोदौलिया पर समाप्त हुआ। प्रियंका गांधी के रोड शो में लाखों लोग शामिल हुए। इस दौरान प्रियंका को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थकों के विरोध का सामना करना पड़ा। 

रोड शो के दौरान प्रियंका गांधी का काफिला जॉब सिवाना से आगे बढ़कर हरिश्चंद्र घाट के तिराहे पर पहुंचा तो वहां दर्जनों की संख्या में मोदी समर्थक प्रियंका गांधी के सामने मोदी मोदी के नारे लगाने लगे। प्रियंका गांधी ने उनपर कोई नकारात्मक प्रतिक्रिया देने के बजाय उनका दिल जीत लिया। 

प्रियंका गांधी ने नफरत की राजनीति ना करने का इशारा करते हुए मोदी समर्थकों को और जोर से मोदी- मोदी का नारा लगाने के लिए कहा। साथ ही उन्होंने हवाई किस उछाल दिया। प्रियंका गांधी के इस अंदाज को देखकर मोदी समर्थक भी हैरान हुए और नारे लगाना बंद कर दिया। कांग्रेस समर्थक प्रियंका गांधी के इस अंदाज को देखकर बेहद प्रसन्न हुए और उत्साहित होकर रोड शो को आगे बढ़ाया।

बाकी ख़बरें