प्रियंका गांधी ने सरकार पर साधा निशाना, कहा- अनुच्छेद 370 हटाना लोकतंत्र के सिद्धांतों के खिलाफ

Written by Sabrangindia Staff | Published on: August 13, 2019
जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि यह असंवैधानिक है। कश्मीर मामले में प्रियंका गांधी का यह पहला बयान है। इससे पहले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा था कि केंद्र सरकार ने जो फैसला लिया है, वह संविधान का उल्लंघन है और इस फैसले से राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा हो सकता है। 



प्रियंका गांधी ने कहा, 'जिस तरीके से यह किया गया वह असंवैधानिक है और लोकतंत्र के सिद्धांतों के खिलाफ है। जब ऐसा कुछ होता है तो कुछ नियम होते हैं जिनका पालन करना होता है, जिनका पालन नहीं हुआ।'

इससे पहले प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर ईद-उल-अजहा की मुबारकबाद दी थी। प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया था, 'ईद मुबारक! खास तौर पर कश्मीर की मेरी बहनों-भाइयों को जो भयानक बंदिशें और दिक्कतें झेल रहे हैं। केरल, कर्नाटक, महाराष्ट्र में बाढ़ का सामना कर रहे उन परिवारों को भी जो शायद आज पूरी तरह से ईद के त्योहार को मना नहीं पाए।'

केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने संविधान के अनुच्छेद 370 में बदलाव किया है। इस संवैधानिक बदलाव के बाद जम्मू और कश्मीर को मिला विशेष राज्य का दर्जा खत्म हो गया है। केंद्र ने पुनर्गठन बिल के जरिए जम्मू-कश्मीर को दो अलग-अलग केंद्र शासित प्रदेशों में बांट दिया है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को अलग-अलग केंद्र शासित प्रदेश का दर्जा मिल गया है। कांग्रेस ने जहां इस फैसले का विरोध किया है वहीं कांग्रेस के अंदर इसे लेकर अलग-अलग आवाजें सुनाई दीं।

बाकी ख़बरें