रोड शो छोड़, गंगा में गिर रहे नाले के पास पहुंचीं प्रियंका गांधी

Written by sabrang india | Published on: May 16, 2019
वाराणसी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार को वाराणसी में रोड शो कर अपनी ताकत दिखाई। रोड शो के दौरान प्रियंका गांधी के कई रूप देखने को मिले। कहीं उन्होंने मोदी समर्थकों पर प्यार बरसाया तो कहीं लोगों का हालचाल लेती नजर आईं। ऐसा एक और वाकया हुआ जिससे बनारस की जनता उनसे काफी प्रभावित हुई। 

दरअसल, प्रियंका गांधी को कुछ लोगों ने गंगा में गिर रहे नाले के बारे में बताया। इसे सुनकर वे रोड शो छोड़कर नाला देखने पहुंच गईं। प्रियंका गांधी इन दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सीधा चुनौती देते नजर आ रही हैं। जिन जिन बातों को लेकर मोदी सरकार सत्ता में आई और पूरा न कर सकी उसकी असलियत देश के सामने आ रही है। 

ऐसा ही मौका प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में प्रियंका गांधी को मिला जब रोड शो के दौरान अस्सी नदी के पास पहुचीं। यहां कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने उन्हें इशारा किया और प्रियंका गांधी रोड शो को छोड़कर निकल गईं और वे सीधे गंगा में गिर रहे नाले के पास पहुंचीं। प्रियंका गांधी के रोड शो से पहले उस स्थान को पूरी तरह ढक दिया गया था लेकिन प्रियंका गांधी के पंहुचते ही कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने बोतल में प्रदूषित गंगाजल प्रियंका को दिखाया। प्रियंका गांधी बिना ट्रीटमेंट गंगा नदी में सीधे गिर रहे नाले को देख बहुत नाराज दिखीं। यही नहीं उन्होंने कार्यकर्ताओं के हाथ से प्रदूषित गंगा जल को लेकर खुद देखा। 

प्रियंका गांधी ने करीब दो महीने पहले बोट से यात्रा कर गंगा सफाई का जयजा लिया था और गंगा किनारे रहने वाले लोगो से मिलकर उनकी परेशानियों को जाना था। लेकिन वाराणसी में बोट यात्रा के दौरान प्रियंका गांधी का रूट चेंज होने की वजह से वह गंगा नदी में गिर रहे नालों की सच्चाई को नही देख पाई थीं। जब कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को गंगा सफाई की सच्चाई दिखाने का मौका मिला तो वह भी पीछे नही रहे और वह प्रियंका गांधी को रोड शो से ले जाकर गंगा की सच्चाई को दिखाया।

बाकी ख़बरें