आतंकी हमले के बाद प्रियंका गांधी ने कैंसिल कर दी थी प्रेस कांफ्रेंस, राम मंदिर का ऐलान कर रहे थे अमित शाह

Written by sabrang india | Published on: February 15, 2019
नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर के पुलवामा में गुरुवार को हुए आतंकी हमले में 42 जवानों के शहीद होने से पूरे देश में दुख की लहर है। राजनीति में शामिल होने के बाद प्रियंका गांधी गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करने वाली थीं, लेकिन आतंकी हमले की सूचना मिलने के बाद उन्होंने यह प्रेस कॉन्फ्रेंस कैंसिल कर दी। प्रियंका गांधी वाड्रा ने पत्रकारों को बताया कि ‘ये कार्यक्रम राजनैतिक चर्चा के लिए रखा गया था, लेकिन पुलवामा में जो आतंकी हमला हुआ है, जिसकी वजह से हम ये अनुचित समझते हैं कि हम ये राजनैतिक चर्चा करें।’ इसके बाद 2 मिनट का मौन रखा गया। 

वहीं दूसरी तरफ भाजपा अध्यक्ष अमित शाह भी गुरुवार को एक कार्यक्रम के सिलसिले में कर्नाटक के होशपेट इलाके में पहुंचे हुए थे। पुलवामा आतंकी हमले के बाद भी अमित शाह ने सभा को संबोधित किया। जिस पर सोशल मीडिया पर लोगों ने अमित शाह की आलोचना की और इस दुख की घड़ी में भी अपना भाषण ना रोकने के लिए अमित शाह पर निशाना साधा।

बता दें कि पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी बनाए जाने के बाद प्रियंका गांधी 4 दिवसीय दौरे पर लखनऊ में मौजूद रहीं। इस दौरान प्रियंका गांधी ने पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं से खूब मुलाकात की और आगामी लोकसभा चुनावों पर सुझाव मांगे और चर्चा की। गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के साथ ही प्रियंका गांधी के उत्तर प्रदेश दौरे का समापन होना था। लेकिन आतंकी हमले के चलते प्रियंका गांधी ने यह प्रेस कॉन्फ्रेंस रद्द कर दी। प्रियंका गांधी प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए भाजपा नेता और मुजफ्फरनगर की मीरापुर विधानसभा सीट से विधायक अवतार सिंह भड़ाना और पूर्व केन्द्रीय मंत्री रामलाल राही के साथ पहुंची थी।
 

बाकी ख़बरें