प्रियंका गांधी ने पीयूष गोयल पर कसा तंज, कहा- आपका काम कॉमेडी सर्कस चलाना नहीं, अर्थव्यवस्था सुधारना है

Written by Sabrangindia Staff | Published on: October 19, 2019
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने शनिवार को केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल पर निशाना साधा। उन्होंने नोबेल पुरस्कार के लिए चयनित अर्थशास्त्री अभिजीत बनर्जी के संदर्भ में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के बयान पर तंज कसते हुए कहा कि मंत्रियों का काम ‘कॉमेडी सर्कस’ चलाना नहीं बल्कि अर्थव्यवस्था को सुधारना है।



प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा, ‘भाजपा नेताओं को जो काम मिला है उसको करने की बजाय वे दूसरों की उपलब्धियों को झुठलाने में लगे हैं। नोबेल पाने वाले ने अपना काम ईमानदारी से किया, नोबेल जीता।’ प्रियंका गांधी ने तंज कसते हुए कहा, ‘अर्थव्यवस्था ढही जा रही है। आपका काम उसको सुधारना है न कि कॉमेडी सर्कस चलाना।’


पीयूष गोयल ने अर्थशास्त्र के क्षेत्र में 2019 के नोबेल पुरस्कार के लिए चुने गये भारतीय-अमेरिकी अभिजीत बनर्जी को शुक्रवार को वाम की ओर झुकाव वाला बताया था। उन्होंने यह भी कहा था कि बनर्जी ने कांग्रेस द्वारा प्रस्तावित ‘न्याय’ योजना का समर्थन किया और भारत की जनता ने उनकी सोच को नकार दिया।

अभिषेक बनर्जी ने हाल ही में कहा था कि भारतीय अर्थव्यवस्था डगमगा रही है और इस समय उपलब्ध आंकड़े बहुत जल्द देश की अर्थव्यवस्था के उबरने का आश्वासन नहीं देते।

बाकी ख़बरें