अखबारनामा: मायावती ने भाजपा व कांग्रेस पर सरकारी आतंक फैलाने का आरोप लगाया हिन्दी अखबारों ने पहले पन्ने पर जगह नहीं दी

Published on: February 15, 2019
बसपा प्रमुख मायावती ने गुरुवार को एक ट्वीट कर मध्य प्रदेश की कांग्रेस व उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर सरकारी आतंक फैलाने का आरोप लगाया। यह खबर आज अंग्रेजी अखबार द हिन्दू में पहले पन्ने पर है लेकिन हिन्दी के किसी अखबार में पहले पन्ने पर तो नहीं दिखी। हिन्दू की खबर के मुताबिक मायावती ने यह आरोप एक बयान में लगाया है जबकि इंटरनेट पर उनका एक ट्वीट भी है। उन्होंने ट्वीट किया कि कांग्रेस की मध्य प्रदेश सरकार ने पूर्ववर्ती भाजपा की तरह गौहत्या के शक में मुसलमानों पर रासुका के तहत बर्बर कार्यवाही की। अब यूपी की भाजपा सरकार ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के 14 छात्रों पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करवाया है। उन्होंने कहा कि यह दोनों ही बातें सरकारी आतंक हैं, जिनकी घोर निंदा की जानी चाहिए। मायावती ने यह भी कहा है कि लोग खुद ही फैसला करें कि दोनों सरकारों में क्या फर्क है?

भाजपा के खिलाफ विपक्षी दलों का गठबंधन और उसपर प्रधानमंत्री का रंग-बिरंगा कटाक्ष छापने वाले अखबार अगर मायावती के जनहित के ऐसे बयान को महत्व नहीं दें तो यह किसी खबर का छूटना नहीं, राजनीति है। कहने की जरूरत नहीं है कि मायावती राजनीतिक कारणों से हमलावर हैं। मध्य प्रदेश की सरकार पर लगातार प्रहार करने वाली मायावती ने कांग्रेस तथा भाजपा के कृत्य को निंदनीय कहा है। मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बसपा के समर्थन से बनी है। इसके बाद भी मायावती लगातार कमलनाथ सरकार को कठघरे में खड़ा कर रही हैं। उन्होंने कांग्रेस और भाजपा की समान रूप से निन्दा की है और यह साधारण नहीं है। उसी तरह हिन्दी अखबारों में इसे प्रमुखता नहीं मिलना भी साधारण नहीं है। इंटरनेट पर हिन्दी में यह खबर है जरूर लेकिन हिन्दी अखबारों में पहले पन्ने पर नहीं है जबकि मुख्य रूप से दक्षिण भारत का अखबार माने जाने वाले हिन्दू ने इसे पहले पन्ने पर रखा है।

इंटरनेट पर दैनिक जागरण की इस खबर में यह भी लिखा है, इससे पहले कल मायावती ने कहा कि संसद के बजट सत्र के अंतिम दिन आयी राफेल विमान सौदे पर कैग की रिपोर्ट जनता की नजर में आधी-अधूरी है। उन्होंने ट्वीट किया, ''राफेल विमान सौदे पर बहु-प्रतीक्षित सीएजी रिपोर्ट जनता की नजर में आधी अधूरी। यह न तो सम्पूर्ण और न ही पूरी तरह से सही। भाजपा सरकार में क्यों संवैधानिक संस्थाये अपना काम पूरी ईमानदारी से नहीं कर पा रही हैं? देश चिन्तित है।" यह खबर आपको अपने अखबार में दिखी क्या? (संजय कुमार सिंह वरिष्ठ पत्रकार हैं, यह आर्टिकल उनकी फेसबुक वॉल से साभार प्रकाशित किया गया है।)

बाकी ख़बरें