पुलिस हिरासत फिर हुआ कैदी फरार

Written by Mahendra Narayan Singh Yadav | Published on: July 28, 2018
मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में पुलिस हिरासत से कैदी के भागने की दूसरी घटना सामने आई है। शुक्रवार को सुल्तानपुर में थाने से एक स्थायी वारंटी पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भाग निकला। इसके बाद से पुलिस अधिकारी मामले को दबाने में लगे रहे।

MP Police

इस स्थायी वारंटी को सुल्तानपुर पुलिस के एएसआई अशोक तिवारी और दो अन्य पुलिसकर्मी बरखेड़ा गांव से पकड़कर लाए थे, लेकिन शुक्रवार की सुबह शौच जाने के बहाने वह थाने से भाग निकला।

इसके पहले देवरी थाने से भी एक चोर इसी तरह से भाग निकला था। चोरी के इस आरोपी को पुलिस ने बाद में नरसिंहपुर जिले में पकड़ा था।

स्थायी वारंटी के थाने से भाग निकलने के बारे में पुलिस अधिकारी कुछ भी बताने को तैयार नहीं है। बड़े अधिकारी मीडिया का फोन तक नहीं उठा रहे हैं।

पत्रिका में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, एसडीओपी औबेदुल्लागंज के एसडीओपी अरविंद ठाकुर ने बताया कि बरखेड़ा निवासी ब्रजेश कुमार को सुल्तानपुर पुलिस गुरुवार की शाम मुखबिर की सूचना पर पकड़कर लाई थी। शुक्रवार की सुबह वह दो पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में शौच करने गया था जबकि दो सिपाही और एक होमगार्ड सैनिक उसकी पहरेदारी कर रहे थे, लेकिन इसके बावजूद वह चकमा देकर भाग निकला।

पूरे मामले में पुलिस अधिकारी सारी जिम्मेदारी होमगार्ड पर डालने में जुट गए हैं और लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों और एएसआई को बचाने में जुट गए हैं। फिलहाल आरोपी ब्रजेश कुमार के खिलाफ धारा 224 में केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

बाकी ख़बरें