MP में सियासी हलचल: आज भाजपा में शामिल हो सकते हैं सिंधिया, सारे MLA BJP में जाने को राजी नहीं !

Written by Sabrangindia Staff | Published on: March 11, 2020
नई दिल्ली: मध्य प्रदेश में चल रहे सियासी घमासान के बीच भारतीय जनता पार्टी के पाले में गेंद अब भी पूरी तरह से आती हुई नहीं दिख रही है। मीडिया में सूत्रों के हवाले से खबर आ रही है कि बेंगलुरू में ठहरे ज्योतिरादित्य सिंधिया खेमे के 10 विधायक और 2 मंत्री भाजपा में जाने को तैयार नहीं हो रहे हैं। उनका कहना है कि हम लोग ज्योतिरादित्य सिंधिया के लिए आए थे, भाजपा में जाने के लिए नहीं। 



बताया जा रहा है कि मध्य प्रदेश भाजपा में भी अंदरूनी खींचतान शुरू हो गई है। मंगलवार को भाजपा कार्यालय में नरोत्तम मिश्रा के समर्थन में नारे लगे थे, जिसे लेकर अंदरूनी खींचतान शुरू हो गई। इसके साथ ही पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि बेंगलुरु में रुके हुए कांग्रेस विधायक भी अपनी भूमिका को लेकर पसोपेश में हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ज्योतिरादित्य सिंधिया आज भाजपा में शामिल हो सकते हैं। उन्हें भाजपा में जॉइन कराने के लिए भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और अमित शाह मौजूद रहेंगे। खबर यह भी है कि ग्वालियर-चंबल संभाग के लोग चाहते हैं कि सिंधिया भाजपा में शामिल न होकर अपनी अलग पार्टी बनाएं।

मध्य प्रदेश में विधायकों की खरीद-फरोख्त के आरोपों के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि वीडियो में भाजपा सरकार में मंत्री रहे नरोत्तम मिश्रा हैं, जो सरकार बनाने के लिए विधायकों को मैनेज करने की बात कर रहे हैं। वीडियो दिल्ली में स्थित मध्य प्रदेश भवन का बताया जा रहा है। सबरंग इंडिया वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता।



सिंधिया ने मंगलवार को कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। अब सिंधिया को राज्यसभा भेजे जाने की तैयारी है। इसकी घोषणा भी बुधवार को दिल्ली में होगी। केंद्रीय सत्र के बाद सिंधिया को केंद्र सरकार में मंत्री बनाया जाएगा। कमलनाथ सरकार के 6 मंत्रियों समेत 22 विधायकों ने सिंधिया के इस्तीफे की खबर लगते ही कांग्रेस को अलविदा कह दिया था। सूत्र बता रहे हैं कि इस्तीफा देने वाले सिंधिया समर्थक विधायकों में से 5 से 7 को मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद मंत्री पद दिया जा सकता है। 

प्रदेश में चल रहे सियासी घटनाक्रम को लेकर भाजपा ने अपने 105 विधायकों को भोपाल से बाहर रवाना कर दिया है। इनमें से 8-8 विधायकों का एक ग्रुप बनाया गया है। हर एक ग्रुप में एक विधायक को ग्रुप लीडर भी बनाया गया है। वह सभी विधायकों पर नजर रखेंगे। विधायकों को अलग-अलग बसों से दिल्ली, मानेसर और गुड़गांव के होटलों में भेजा जाएगा। उधर, सिंधिया समर्थक विधायक भी बुधवार को बेंगलुरु से दिल्ली लाए जाएंगे। अगर फ्लोर टेस्ट हुआ तो ही विधायक भोपाल आएंगे, नहीं तो इन्हें राज्यसभा चुनाव (26 मार्च) के वक्त ही भोपाल बुलाया जाएगा। इधर, भोपाल से भाजपा विधायकों के साथ ही बड़े नेताओं का दिल्ली जाने का सिलसिला चल रहा है। केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय दिल्ली रवाना हो गए हैं। 

बेंगलुरू में ठहराए गए सिंधिया समर्थक विधायकों को बुधवार को बेंगलुरू से दिल्ली भेजा जाएगा। इनमें प्रदुम्न सिंह तोमर, रघुराज कंसाना, कमलेश जाटव, रक्षा सरोनिया, जजपाल सिंह जज्जी, इमरती देवी, प्रभुराम चौधरी, तुलसी सिलावट, सुरेश धाकड़, महेंद्र सिंह सिसोदिया, ओपीएस भदौरिया, रणवीर जाटव, गिर्राज दंडोतिया, यशवंत जाटव, गोविंद सिंह राजपूत, हरदीप डंग, मुन्ना लाल गोयल, ब्रिजेंद्र यादव शामिल हैं। 

बाकी ख़बरें