सवर्ण आरक्षण के खिलाफ 5 मार्च को भारत बंद का ऐलान, लालू यादव का मिला समर्थन

Written by Sabrangindia Staff | Published on: March 3, 2019
आर्थिक रुप से पिछड़े सवर्णों को दस प्रतिशत आरक्षण देने के फैसले के खिलाफ संविधान बचाओ संघर्ष समिति ने 5 मार्च को भारत बंद का ऐलान किया है। संविधान बचाओ संघर्ष समिति ने सरकार के इस फैसले को संविधान विरोधी बताया गया है। 



संविधान बचाओ संघर्ष समिति के मुताबिक, जाति आधारित जनगणना करके सौ फीसदी आरक्षण लागू न करने के विरोध में भारत बंद किया जाएगा। 13 प्वाइंट रोस्टर प्रणाली को लागू करने को भी आरक्षण समाप्त करने का षड़यंत्र बताया गया है।

भारत  बंद का एक पोस्टर भी सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया है जिसमें कहा गया है कि सुप्रीम कोर्ट में भारत सरकार द्वारा वकील ना देना यह भारत सरकार का आदिवासियों के विरोध में षड़यंत्र है जिसके कारण आज आदिवासियों को अपने जमीन औऱ जंगल से विस्थापित होना पड़ रहा है। 

वही राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने भी इस भारत बंद को सफल बनाने की अपील की है। लालू ने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा, देश में दलित, पिछड़ें और आदिवासियों के अस्तित्व पर ख़तरा मंडरा रहा है। सरकार द्वारा आदिवासियों की ज़मीने छिनी जा रही है। आरक्षण समाप्त किया जा रहा है। संविधान के साथ छेड़छाड़ की जा रही है। दलितों पर उत्पीड़न बढ़ गया है। दलित और पिछड़े नेताओं को फ़र्ज़ी मुक़दमों में फँसाया जा रहा है। मनुस्मृति को बढ़ावा दिया जा रहा है। आरएसएस की उत्पीड़क जातिवादी नीतियों को लागू किया जा रहा है। आओ 5 मार्च के भारत बंद को सफल बनाए।

बाकी ख़बरें